टोक्यो ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया है। पुरुष टीम ने जहां 49 साल बाद सेमीफाइनल में जगह बनाई है तो महिला हॉकी टीम पहली बार इस मुकाम तक पहुंची है। एक तरफ जहां खिलाड़ियों की जमकर तारीफ हो रही है तो दूसरी दो राज्यों के मुख्यमंत्रियों की भी खूब चर्चा हो रही है। एक तरफ पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह है जिन्हें ट्रोल किया जा रहा है तो दूसरी तरफ ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक की जय-जय हो रही है। आइए आपको बताते हैं पूरा मामला क्या है।
पहले बात कर लेते हैं अमरिंदर सिंह के ट्रोलिंग की। दरअसल, मेंस हॉकी टीम को बधाई देने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने जो ट्वीट किया, उस पर बवाल मच गया। कैप्टन अमरिंदर ने ट्वीट में लिखा कि भारत के लिए क्वार्टर फाइनल में हुए तीनों गोल पंजाब के खिलाड़ियों ने किए। यह बात फैन्स को बिल्कुल पसंद नहीं आई और इस ट्वीट के लिए कैप्टन अमरिंदर को सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किया जा रहा है। फैन्स ने इस ट्वीट फिल्म ‘चक दे इंडिया!’ के उस डायलॉग से भी जोड़ा है, जहां शाहरुख खान कहते हैं, मुझे स्टेट्स के नाम ना सुनाई देते हैं, ना दिखाई देते हैं, सिर्फ एक मुल्क का नाम सुनाई देता है, इंडिया। कैप्टन अमरिंदर के इस ट्वीट पर यूजर ने लिखा, ‘कैप्टन अमरिंदर सिंह जी आपको शर्म आनी चाहिए। यह भारतीय हॉकी टीम है, ना कि कोई स्टेट टीम। हम सभी पंजाब से बहुत प्यार करते हैं, लेकिन यहां सिर्फ भारत है।’
नवीन पटनायक की क्यों जय-जय?
भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीम के सेमीफाइनल में प्रवेश से मेडल की उम्मीदें बढ़ गई हैं। लंबे समय बाद हॉकी में इस तरह के प्रदर्शन को लेकर खिलाड़ियों और कोच की तारीफ तो हो ही रही है। लेकिन इस बीच लोग ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक की भी जमकर तारीफ कर रहे हैं। असल में ओडिशा ने ही 2018 से दोनों हॉकी टीमों को स्पॉन्सर किया है। नवीन पटनायक ने दोनों टीमों पर अब तक करीब 150 करोड़ रुपए का निवेश किया है।
नवीन पटनायक का भारतीय हॉकी टीम से लगाव कितना है इसका अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि वह पूरा मैच देखते हैं और बताया जा रहा है कि क्वार्टर फाइनल का पूरा मैच उन्होंने खड़े रहकर ही देखा और हर गोल पर तालियां बजाते रहे।
स्कूल के दिनों में हॉकी के खिलाड़ी रहे नवीन पटनायक की तारीफ करने वालों में बीजेपी सांसद प्रताप सिम्हा भी शामिल हैं। कर्नाटक के सांसद ने ट्वीट किया, ”धन्यवाद नवीन पटनायक, ओडिशा के सीएम, भारतीय हॉकी टीम के मेंटॉर बनने के लिए।” पूर्व नौकरशाह अनिल स्वरूप ने भी पटनायक की तारीफ करते हुए लिखा कि वह कम बोलते हैं और ज्यादा करते हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने काम का क्रेडिट भी नहीं लिया है। अभिनेता राहुल बोस ने लिखा कि वह सालों से हॉकी के प्रति ओडिशा के योगदान को देख रहे हैं।
I am no more amazed at what @Naveen_Odisha does. It is perhaps a routine with him. Look at what his support for hockey has done to the Indian team. Here is a man who talks less & walks more. Surprisingly he doesn’t talk even after walking. Are some others listening? @CMO_Odisha https://t.co/Yvaa6ldX0h
— Anil Swarup (@swarup58) August 1, 2021







