दौलत के मामले में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी 100 बिलियन डॉलर क्लब की ओर बढ़ रहे हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक सिर्फ शुक्रवार को ही मुकेश अंबानी के नेटवर्थ में 3.71 बिलियन डॉलर यानी करीब 27 हजार करोड़ रुपये की तेजी आई है। इस तेजी के बाद अब मुकेश अंबानी की कुल दौलत 92.6 बिलियन डॉलर हो गई है। वह दुनिया के अमीरों की सूची में 12वें स्थान पर बने हुए हैं।
मुकेश अंबानी से आगे कौन: मुकेश अंबानी से आगे लोरियल के फ्रेंकोइस बेटेनकोर्ट मेयर्स हैं। मेयर्स की कुल संपत्ति 92.9 बिलियन डॉलर है। मुकेश अंबानी किसी भी वक्त मेयर्स को पीछे छोड़ सकते हैं। वर्तमान में दुनिया के 100 बिलियन डॉलर क्लब में वॉरेन बफे, लैरी एलिसन, स्टीव वाल्मर, सर्गी ब्रिन, लैरी पेज, मार्क जुकरबर्ग, बिल गेट्स, बर्नाड अर्नाल्ट, एलन मस्क शामिल हैं। वहीं, अमेजन के जेफ बेजोस 200 बिलियन डॉलर क्लब में शामिल एकमात्र अरबपति हैं।
अंबानी के दौलत में तेजी की वजह: मुकेश अंबानी के शेयर में तेजी की वजह रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भाव हैं। बीते शुक्रवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर भाव 4.12 फीसदी की तेजी के साथ 2388.25 रुपये के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, कंपनी का मार्केट कैप भी 15 लाख करोड़ रुपये को पार कर गया। मार्केट कैपिटल का यह स्तर हासिल करने वाली रिलायंस देश की पहली कंपनी है। रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार मूल्यांकन इस साल जून में 14 लाख करोड़ रुपये को पार किया था। बता दें कि रिलायंस का शेयर इस साल अब तक 20 प्रतिशत से अधिक मजबूत हो चुका है।







