युजवेंद्र चहल, वाशिंगटन सुंदर की शानदार गेंदबाजी और फिर रोहित शर्मा की कप्तानी पारी की बदौलत भारत ने पहले वनडे में रविवार को वेस्ट इंडीज को छह विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। भारत ने विंडीज को 43.5 ओवर में 176 रन पर निपटा दिया और फिर लक्ष्य को 28 ओवर में चार विकेट पर 178 रन बनाकर हासिल कर लिया। भारत ने 132 गेंद शेष रहते मैच समाप्त कर दिया। भारत का यह 1000वां वनडे मैच है, जिसमें उसनें जीत के लिए मिले 177 रन के लक्ष्य को महज 28 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।
भारतीय टीम के इस ऐतिहासिक जीत पर भारतीय दिग्गज क्रिकेटरों ने टीम को बधाई दी है। सहवाग ने ट्वीट करके लिखा, ”यह तो आसान था। भारत स्टाइल में जीत गया। स्पिनरों चहल और सुंदर का शानदार स्पेल, रोहित ने शीर्ष में बल्ले से किया शानदार काम। सूर्या और हुड्डा ने आसानी से काम पूरा किया। टीम इंडिया के लिए 1000वां वनडे जीत मुबारक।”
That was easy. India win in style. Excellent spell from the spinners Chahal and Sundar, great start from Rohit at the top with bat and Surya and Hooda finishing the job with ease. Happy 1000th ODI for Team India. #IndvWI pic.twitter.com/Hjnlhw3rw0
— Virender Sehwag (@virendersehwag) February 6, 2022
भारतीय क्रिकेट टीम ने 1974 में अजीत वाडेकर के नेतृत्व में पहला वनडे मैच खेला था। इस मैच में भारत को इंग्लैंड के हाथों 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। यह मैच लीड्स में खेला गया था और आज भारतीय टीम रोहित शर्मा के नेतृत्व में अपना 1000 वनडे मैच खेलने उतरी। जहां टीम ने 6 विकेट से वेस्टइंडीज को हरा दिया है। टीम इंडिया 1000 वनडे मैच खेलने वाली पहली टीम बन गई है। एमएस धोनी ने सर्वाधिक 200 वनडे मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी की है।
वनडे में भारत का रिकॉर्ड
भारत ने अब तक 1000 वनडे मैच खेले हैं और 519 जीत दर्ज की हैं। उसे 431 हार का सामना करना पड़ा है। इसमें से नौ मैच टाई पर समाप्त हुए हैं, जबकि 41 मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला।







