आने वाले दिनों में अगर आप सफर करना चाहते हैं तो आपके पास बेहद सस्ते में हवाई सफर करने का शानदार मौका है। घरेलू एयरलाइन विस्तारा मॉनसून सेल के जरिए आप ट्रेन टिकट से कम में हवाई सफर कर सकते हैं। यह स्पेशल सेल महज 48 घंटों का है। घरेलू एयरलाइन कंपनी विस्तारा ने कहा कि सेल सभी तीन श्रेणियों की यात्रा के लिए उपलब्ध है, जिसमें इकोनॉमी क्लास की कीमत 1,099 रुपये, प्रीमियम इकोनॉमी 2,099 रुपये और बिजनेस क्लास 5,999 रुपये है। किराया संबंधी ज्यादा जानकारी और फ्लाइट बुकिंग के लिए आप एयरलाइन की ऑफिशियल वेबसाइट www.airvistara.com पर विजिट कर सकते हैं।
1099 रुपये की शुरुआती उड़ान
इस ऑफर में एयरलाइन महज 1099 रुपये में आपको वनवे हवाई सफर करने का मौका दे रही है। महज 1099 रुपये में आप दिल्ली से चंडीगढ़ के लिए हवाई सफर कर सकते हैं। बेंगलुरु से हैदराबाद के लिए शुरुआती किराया 1499 रुपये है। मुंबई से गोवा आप 1699 रुपये के शुरुआती किराये से जा सकते हैं। इस ऑफर में सबसे खास बात यह है कि इन किरायों में सभी तरह के टैक्स और फीस शामिल हैं। चेन्नई से बेंगलुरु के लिए तय तारीख के बीच फ्लाइट बुक कराते हैं तो आपको इसके लिए 1549 रुपये शुरुआती किराया देना होगा।
आज है सेल का अंतिम दिन
विमानन कंपनी विस्तारा ने गुरुवार को कहा कि मानसून सेल के दौरान खरीदे गए टिकट पर एक अगस्त से 12 अक्टूबर तक के बीच यात्रा की जा सकेगी। कंपनी ने कहा कि हमें अपने घरेलू नेटवर्क पर 48 घंटे की मानसून सेल की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। क्योंकि मानसून सीजन शुरू हो चुका है और लंबे समय से अटकी छु्ट्टियां मनाने का वक्त आ गया है। कंपनी के बयान के मुताबिक, विस्तारा के मानसून सेल में सभी श्रेणियों के लिए उड़ानों की बुकिंग शुरू हो चुकी है और यह सेल 25 जून, 2021 को रात 12 बजे खत्म होगी।







