लगातार कई साल ग्रोथ के बाद साल 2020 में इंडियन स्मार्टफोन मार्केट में गिरावट आई है। हालांकि, मार्केट में शाओमी (Xiaomi) का दबदबा कायम है। शाओमी ने पिछले साल भारत में 4.1 करोड़ स्मार्टफोन बेचे हैं। पिछले साल भारतीय बाजार में शाओमी की हिस्सेदारी 27 फीसदी रही है। साल 2019 के मुकाबले शाओमी की बाजार हिस्सेदारी 6 फीसदी कम रही है। हालांकि, इसके बावजूद शाओमी भारतीय स्मार्टफोन बाजार में नंबर 1 पर रही है। यह बात IDC की एक रिपोर्ट में कही गई है।
सैमसंग ने 2.97 करोड़ फोन बेचकर हासिल की 20% हिस्सेदारी
मार्केट में गिरावट का रुख रहने के बाद भी पिछले साल भारत में 15 करोड़ से ज्यादा स्मार्टफोन्स का शिपमेंट हुआ है। शाओमी की शानदार सफलता के पीछे Redmi 8 और Redmi 9 सीरीज का बड़ा हाथ रहा है। अब शाओमी अगले महीने अपनी Redmi Note 10 सीरीज ला रही है। आईडीसी की रिपोर्ट में दूसरे नंबर पर सैमसंग (Samsung) रही है। हालांकि, 2019 के मुकाबले पिछले साल सैमसंग की सेल्स 4 फीसदी घटी है। आईडीसी की रिपोर्ट में कहा गया है कि सैमसंग ने 2.97 करोड़ स्मार्टफोन बेचकर 20 फीसदी बाजार हिस्सेदारी हासिल की है। पिछले साल सैमसंग की Galaxy M और Galaxy F सीरीज को शानदार रिस्पॉन्स मिला है। 2019 के मुकाबले पिछले साल सैमसंग के स्मार्टफोन्स की ऑनलाइन सेल्स 65 फीसदी बढ़ी है।
यह भी पढ़ें- Samsung Galaxy A12 भारत में लॉन्च, फोन में 48 MP का मेन कैमरा और 5000 mAh बैटरी
वीवो ने बेचे 2.67 करोड़ स्मार्टफोन
चाइनीज कंपनी वीवो (Vivo) तीसरे नंबर पर रही है। पिछले साल वीवो की सेल्स 12 फीसदी बढ़ी है। साल 2020 में वीवो की स्मार्टफोन्स सेल्स 2.67 करोड़ यूनिट्स की रही है। वीवो की बाजार हिस्सेदारी 18 फीसदी रही है। वहीं, पिछले साल इंडियन स्मार्टफोन मार्केट में रियलमी (Realme) चौथे नंबर पर रही है। रियलमी ने पिछले साल 1.92 करोड़ स्मार्टफोन बेचे हैं और इसकी बाजार हिस्सेदारी 13 फीसदी रही है। वहीं, ओप्पो (Oppo) पांचवें नंबर पर रही है। ओप्पो ने पिछले साल 1.65 करोड़ स्मार्टफोन बेचे हैं। इंडियन मार्केट में ओप्पो की बाजार हिस्सेदारी पिछले साल 11 फीसदी रही है।
यह भी पढ़ें- रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक यूज करें कितना भी डेटा, इन प्लान पर फायदा







