Assam Flood Updates: असम में बाढ़ (Assam Flood) का संकट और गहरा गया है। राज्य में 23 जिलों के 25 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। वहीं बाढ़ और भूस्खलन के कारण अब तक 128 लोगों की जान जा चुकी है।
Edited By Sujeet Upadhyay | भाषा | Updated:
- कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच असम में बाढ़ का संकट गहरा गया है
- असम में रविवार को पांच और लोगों की मौत बाढ़ के कारण हो गई
- असम में बाढ़ और भूस्खलन के कारण अब तक जा चुकी है 128 लोगों की जान
गुवाहाटी
कोरोना वायरस (Corona Pandemic in Assam) के बढ़ते संक्रमण के बीच असम में बाढ़ (Assam Flood) का संकट गहरा गया है। असम में बाढ़ के हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं। यहां 23 जिलों के 25 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। राज्य में रविवार को पांच और लोगों की मौत बाढ़ के कारण हो गई है। असम में बाढ़ और भूस्खलन के कारण अब तक 128 लोगों की जान जा चुकी है।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने अपनी बाढ़ संबंधी नियमित रिपोर्ट में बताया कि बारपेटा और कोकराझार जिलों में रविवार को दो-दो व्यक्तियों की मौत हो गई। इसके अलावा मोरीगांव जिले में भी एक व्यक्ति की मौत हुई है। राज्य में बाढ़ और भूस्खलन के कारण अब तक 128 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें से 102 लोगों की मौत बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में और 26 की मौत भूस्खलन के कारण हुई।
24.76 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित
प्राधिकरण ने बताया कि राज्य में 24.76 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। सर्वाधिक 4.7 लाख से अधिक लोग गोलपाड़ा में प्रभावित हैं। उसने बताया कि राज्य में 101 नौकाएं तैनात की गई हैं और बीते 24 घंटे में जिला प्रशासन और स्थानीय लोगों ने 188 लोगों को बचाया है। शनिवार तक 27 जिलों के 26.37 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित थे।







