कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के चलते कर्नाटक के बेंगलुरु (Bengaluru Lockdown) में 14-22 जुलाई तक पूरी तरह लॉकडाउन लागू करने का फैसला लिया गया है। राज्य सरकार ने बताया कि यह लॉकडाउन बेंगलुरु शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में लागू होगा।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने कहा, ‘कर्नाटक सरकार ने बेंगलुरु शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 14 जुलाई रात आठ बजे से 22 जुलाई सुबह पांच बजे तक, एक सप्ताह के लिए पूर्ण लॉकडाउन लागू किया है।’

हालांकि, लॉकडाउन के दौरान आवश्यक चीजों को इजाजत दी गई है। सरकार के आदेश के अनुसार, अस्पताल, फल-सब्जी, ग्रोसरी की दुकानें आदि खुली रहेंगी। इसके अलावा पहले के मुताबिक पोस्ट ग्रेजुएट की परीक्षाएं भी होंगी।

गौरतलब है कि अनलॉक के दूसरे चरण में कर्नाटक सरकार ने राज्य में पांच जुलाई से दो अगस्त तक हर रविवार को पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की है। कोविड-19 संक्रमण के मामलों में बढ़ोत्तरी के बाद, अटकलें लगाई जा रही थीं कि सरकार शनिवार को भी लॉकडाउन लगाने पर विचार कर रही है।

कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री सी एन अश्वत्थ नारायण ने संवाददाताओं से एक सवाल के जवाब में कहा, ‘अब तक तो शनिवार को लॉकडाउन नहीं है। आज शनिवार है और लॉकडाउन नहीं है। अब तक ऐसा कोई निर्णय नहीं किया गया है।’ उन्होंने कहा कि स्थिति को देखते हुए, भविष्य में अगर इसकी आवश्यकता होती है, तो मुख्यमंत्री इस पर फैसला लेंगे।

कर्नाटक में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में राज्य में 2313 नए कोरोना केस मिल चुके हैं। इससे कुल संख्या 33,418 पहुंच गई है। 57 नई मौतों के बाद राज्य में अब तक 543 लोगों की मौत संक्रमण के चलते हो चुकी है।





Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here