अगर कोरोना काल में घर बैठकर ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर रहे है तो आपके लिए बड़ी खबर है। 23 मई को नेशनल इलेक्ट्रॉनिक फंड ट्रांसफर यानी NEFT सर्विस कुछ समय के लिए बंद रहेगी। रिजर्व बैंक ने अपने ट्विटर हैंडल से यह जानकारी दी है। बता दें छोटे लेन-देन के लिए यूपीआई पसंदीदा माध्यम बना हुआ है, लेकिन इसके जरिये लेन-देन औसतन 1,000 के स्तर पर बरकरार है। कोरोना काल में लोगों के रुख में इस बदलाव से आईएमपीएस (तत्काल भुगतान सेवा) के जरिये भुगतान 9,000 रुपये तक चला गया है, जो पहले 6,000 से 7,000 रुपये था।
NEFT System Upgrade – Downtime from 00.01 Hrs to 14.00 Hrs. on Sunday, May 23, 2021https://t.co/i3ioh6r7AY
— ReserveBankOfIndia (@RBI) May 17, 2021
आरबीआई ने कहा है कि इस अवधि के दौरान आरटीजीएस प्रणाली हमेशा की तरह चालू रहेगी। आरटीजीएस के लिए इसी तरह का अपडेट 18 अप्रैल, 2021 को पूरा किया गया था। बता दें इंटरनेट बैंकिंग का उपयोग कर आप NEFT की सुविधा का फायदा उठा सकते हैं। नेफ्ट के जरिये कुछ ही समय में फंड ट्रांसफर हो जाता है। इसके माध्यम से कितनी भी रकम भेजी जा सकती है। यानी फंड ट्रांसफर करने की अधिकतम या न्यूनतम सीमा नहीं है।







