आरा: बिहार के भोजपुर जिले के पीरो थाना में पुलिस की कस्टडी में महिला शोभा देवी की मौत मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है. इस मामले में सोमवार को भोजपुर एसपी विनय तिवारी ने पीरो थाना इंचार्ज अशोक चौधरी और ओडी ऑफिसर राजकुमार हेम्ब्रम को सस्पेंड कर दिया है. पीरो एसडीपीओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर ये कार्रवाई की गई है. बता दें कि रविवार को ही इस मामले में एसपी ने तीन महिला पुलिसकर्मियों नैना, प्रियंका और खुशबू को सस्पेंड कर दिया था.

पूछताछ के लिए थाने लाई गई थी महिला

बता दें कि हत्या मामले में पूछताछ के लिए थाने लाई गई महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी. उसका शव थाने में बने क्वार्टर की दूसरी मंजिल पर स्थित बाथरूम की खिड़की के ग्रिल से गमछा के सहारे लटका मिला था. मृत महिला पीरो थाना क्षेत्र के मोथी गांव निवासी मुन्ना प्रसाद की 50 वर्षीय पत्नी शोभा देवी थी. उसे ग्रामीण चिकित्सक मंतोष कुमार आर्य की हत्या मामले में पूछताछ के लिए तीन दिन पहले थाना लाया गया था.

पुलिस ने शोभा देवी के अलावे उसके बेटे नीतू कुमार उर्फ प्रकाश और उक्त हत्याकांड के नामजद अभियुक्त रजेयां गांव निवासी वीरेन्द्र राम को भी आठ सितंबर से ही हिरासत में रखा है. जबकि मृतक मंतोष कुमार के तीन चचेरे भाइयों मंजय कुमार, अरविंद कुमार और नीरज कुमार को संदेह के आधार पर पुलिस ने नौ सितंबर को मोथी गांव स्थित उनके घर से उठाया था. ये तीनों युवक भी चार दिन से पुलिस की हिरासत में हैं.

शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने किया था हंगामा

महिला की मौत के बाद शिवसेना के कार्यकर्ता सदर अस्पताल में पहुंचकर हंगामा करने लगे थे. इस दौरान पुलिस को शव का पोस्टमार्टम करने से रोक दिया गया था. पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की गई थी. आक्रोशित लोग पीरो थानाध्यक्ष को सस्पेंड करने, पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने, महिला के बेटे को तत्काल रिहा करने और मुआवजा देने की मांग कर रहे थे. एसपी विनय तिवारी के आश्वासन पर मामला शांत हुआ था. एसपी ने तत्कालीन पीरो डीएसपी को 24 घंटे के अंदर जांच रिपोर्ट देने का आदेश दिया था. ऐसे में सोमवार को जांच रिपोर्ट आने के कार्रवाई हुई है. 

यह भी पढ़ें –

Raghuvansh Prasad Singh: RJD के कद्दावर नेता को याद कर भावुक हुए लालू यादव, ट्वीट कर लिखी यह बात

Bihar Politics: रामविलास की बरसी पर नहीं पहुंचे CM नीतीश कुमार, तेजस्वी ने कहा- इससे अच्छा संदेश नहीं गया



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here