आगामी 1 फरवरी को देश का आम बजट पेश होने वाला है। कोरोना काल में दूसरी बार है जब वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आम बजट पेश करेंगी। पिछली बार की तरह इस बार भी बजट पेपरलेस फॉर्म में होगा। हालांकि, इस बार पारंपरिक हलवा सेरेमनी का कार्यक्रम नहीं हुआ है। आपको बता दें कि हर साल बजट की फाइनल प्रक्रिया शुरू करने से पहले हलवा सेरेमनी का आयोजन होता था, जो इस बार नहीं हो सका है। 

सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक मौजूदा महामारी की स्थिति को देखते हुए हलवा सेरेमनी रस्म नहीं की गई है। इसके बजाय कोर कर्मचारियों को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मिठाई दे दी गई है। 

ये वो कर्मचारी हैं जो बजट के बनाने की प्रक्रिया में शामिल रहते हैं और इन्हें एक तरह से नजरबंद रखा जाता है। केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा संसद में बजट पेश करने के बाद ही ये अधिकारी और कर्मचारी अपने परिवार के सदस्यों और दोस्तों के संपर्क में आते हैं। इसका मकसद बजट को गोपनीय रखना होता है।

ऐप से भी देख सकेंगे: आपको बता दें कि वित्त वर्ष 2021-22 के लिए केंद्रीय बजट पहली बार कागज रहित रूप में दिया गया था और यह इस साल भी जारी रहेगा। सांसदों और आम जनता द्वारा बजट दस्तावेजों की परेशानी मुक्त पहुंच के लिए एक ‘केंद्रीय बजट मोबाइल ऐप’ भी लॉन्च किया गया था। पिछले साल की तरह इस बार भी ऐप पर बजट के दस्तावेज मौजूद रहेंगे। मोबाइल ऐप द्विभाषी (अंग्रेजी और हिंदी) है और एंड्रॉइड और आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।

ऐप को केंद्रीय बजट वेब पोर्टल (www.indiabudget.gov.in) से भी डाउनलोड किया जा सकता है। आम जनता के लिए बजट दस्तावेज केंद्रीय बजट वेब पोर्टल (www.indiabudget.gov.in) पर डाउनलोड के लिए भी उपलब्ध होंगे।



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here