Budget 2022: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को अपना चौथा बजट पेश करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। बजट 2022 पेश होने में अब कुछ ही दिन रह गए हैं, इसी के साथ इस बार बजट में क्या घोषणा हो सकती है, चारों तरफ यही चर्चा है। पिछले साल वित्त मंत्री ने विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाते हुए आम आदमी के जीवन को सरल बनाने के लिए कई योजनाएं और नीतियां शुरू की थीं। आत्मनिर्भर स्वस्थ भारत योजना से लेकर वाहन स्क्रैपिंग नीति तक आम आदमी के लिए कई घोषणाएं की गईं थीं।
आम आदमी को मिल सकती है राहत
उम्मीद की जा रही है कि आने वाले बजट के साथ ही वित्त मंत्री आर्थिक सुधार को गति देने के लिए घोषणाएं कर सकती हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सीतारमण देश में उद्यमिता (entrepreneurship) को बढ़ावा देने के लिए भी निर्णय ले सकती हैं। पिछले बजट में, सरकार ने कर व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया था, जिसका अर्थ है कि करदाताओं के लिए कोई महत्वपूर्ण राहत की घोषणा नहीं की गई थी।
यह भी पढ़ें- Indian Railway: यात्रीगण ध्यान दें! अब आपका सफर होगा और महंगा, वसूले जाएंगे ये चार्ज, देखें डिटेल्स
हालांकि, आगामी बजट आम आदमी के लिए कुछ अलग हो सकता है। पिछले बजट में वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक बड़ी राहत की घोषणा की गई थी। नए नियम के अनुसार, 75 वर्ष से अधिक उम्र के करदाता और पेंशन और जमा से आय वाले करदाता आयकर रिटर्न से छूट के लिए आवेदन कर सकते हैं।आगामी बजट में सरकार देश की शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा के बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए नई घोषणाएं भी कर सकती है। इसके अलावा सरकार आम आदमी की सुविधा के लिए नए राजमार्ग, रेलवे, हवाई मार्ग और जलमार्ग जैसे बुनियादी ढांचे से संबंधित घोषणाएं कर सकती हैं।







