केरल, कर्नाटक और गोवा में तबाही मचाने के बाद चक्रवाती तूफान ताउते सोमवार को महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई और आस-पास के इलाकों में जमकर तबाही मचा रहा है। कई घंटों से लगातार शहर में बारिश हो रही है और 114 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं। बीएमसी का कहना है कि हवाओं की रफ्तार 120 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है। मुंबई के बाद यह तूफान गुजरात के तटों से टकराएगा, जिसको लेकर राज्य सरकार, एनडीआरएफ की टीमें पूरी तरह से मुस्तैद हैं। ताउते तूफान के आने के बाद से ही लोग इसके नाम का मतलब ढूंढने लगे हैं और साथ ही यह भी उत्सुकता है कि आखिर किसने इस तूफान को यह नाम दिया है। यहां हम आपको ताउते चक्रवात के बारे में अहम जानकारियां दे रहे हैं।

ताउते नाम का क्या मतलब?
ताउते इस साल का पहला चक्रवाती तूफान है। इस बार तूफान को यह नाम म्यांमार ने दिया है। ताउते का मतलब होता है कि तेज आवाज करने वाली छिपकली। दरअसल, जितनी बार भी तूफान दस्तक देते हैं, उतनी बार अलग-अलग देश इसे नाम देते हैं। अगला तूफान जो आएगा, उसका भी नाम तय किया जा चुका है। अगले तूफान का नाम ‘यास’ होगा। इसे ओमान ने दिया है। इससे पहले कई और तरह के तूफान भी आ चुके हैं। कुछ के नाम- बुरेवी, निसग्र, गाती आदि हैं।

कैसे रखे जाते हैं चक्रवाती तूफान के नाम?
दरअसल, चक्रवाती तूफान का नाम रखने के लिए एक ग्लोबल पैनल है, जिसका नाम वर्ल्ड मेट्रोलॉजिकल ऑर्गनाइजेशन/यूनाइटेड नेशंस इकॉनोमिक एंड सोशल कमिश्न फॉर एशिया है। इस पैनल में भारत समेत 13 देश हैं, जोकि तूफान को लेकर गाइडलाइंस भी जारी करते हैं। भारत के अलावा बांग्लादेश, मालदीव्स, म्यांमार, ओमान, ईरान, पाकिस्तान, श्रीलंका, कतर, थाइलैंड, सउदी अरब, यूएई और यमन शामिल हैं। इन तूफानों का नाम रखने के पीछे जो वजहें होती हैं, उसमें एक यह भी है कि इससे साइक्लोन को याद किया जा सके। साथ ही यह प्रशासन को भी लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने में मदद करता है। पिछले साल नामों की नई लिस्ट बनाई गई थी, जिसमें चार नामों का पहले ही इस्तेमाल किया जा चुका है। इस लिस्ट में पांचवां नाम ताउते है।

गुजरात तट की ओर तेजी से बढ़ रहा है चक्रवात ताउते
भीषण चक्रवाती तूफान गुजरात तट की ओर तेजी से बढ़ रहा है। मुंबई में भारी वर्षा हुई और इसके चलते गुजरात में 1.5 लाख से अधिक लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा। वहीं दो नौकाएं तट से दूर अरब सागर में चली गई हैं जिन पर 410 लोग सवार हैं। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने कहा कि तूफान ताउते एक बहुत ही भीषण चक्रवाती तूफान में बदल गया है और इसके शाम तक गुजरात तट तक पहुंचने और रात 8 से 11 बजे के बीच इसे पार करने की संभावना है। जब चक्रवात महाराष्ट्र तट से आगे बढ़ा और सुबह मुंबई के करीब पहुंचा तो यहां स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक परिचालन स्थगित करने की घोषणा की और बाद में शाम 6 बजे तक सभी परिचालन स्थगित रखने का फैसला किया।





Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here