इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट मैच लॉर्ड्स मैदान पर खेला जा रहा है। मैच के दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने दो विकेट पर 111 रन बना लिए हैं। इंग्लैंड ने 18 रनों तक दो विकेट गंवा दिए थे, लेकिन इसके बाद जो बर्न्स और कप्तान जो रूट ने मिलकर टीम को मैच में वापसी दिलाई और फिलहाल मेजबान टीम मजबूत स्थिति में नजर आ रही है। बर्न्स 59 और रूट 42 रन बनाकर नॉटआउट लौटे। न्यूजीलैंड ने इससे पहले डेब्यू कर रहे सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे के दोहरे शतक से 378 रन का स्कोर खड़ा किया। कॉनवे 200 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 347 गेंद की अपनी पारी में 22 चौके और एक छक्का मारा। उन्होंने छक्का जड़कर दोहरा शतक पूरा किया।
इंग्लैंड ने इसके जवाब में 18 रन तक ही सलामी बल्लेबाज डोम सिबले (00) और जैक क्राउले (02) के विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद बर्न्स और रूट ने तीसरे विकेट के लिए 93 रन की अटूट साझेदारी करके पारी को संभाला। सिबले को काइल जेमीसन जबकि क्राउले को टिम साउदी ने पवेलियन भेजा। इंग्लैंड की टीम अब भी न्यूजीलैंड से 267 रन से पीछे है जबकि उसके आठ विकेट बचे हैं।
IPL से धोनी कब लेंगे संन्यास? जानिए सीएसके के साथी खिलाड़ी ऋतुराज गायकवाड़ का जवाब
कॉनवे ने हेनरी निकोल्स (61) के साथ चौथे विकेट के लिए 174 रन की साझेदारी भी की। दक्षिण अफ्रीका में जन्मा यह सलामी बल्लेबाज इंग्लैंड की सरजमीं पर डेब्यू करते हुए सर्वाच्च स्कोर बनाने वाला बल्लेबाज बना। उन्होंने इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी केएस रंजीतसिंहजी का 125 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने मैनचेस्टर में 1896 में 154 रन की पारी खेली थी। कॉनवे मैथ्यू सिंक्लेयर (वेस्टइंडीज के खिलाफ 1999 में 214 रन) के बाद टेस्ट डेब्यू पर दोहरा शतक जड़ने वाले न्यूजीलैंड के दूसरे बल्लेबाज हैं।
ENG vs NZ 1st Test: डेवोन कॉनवे ने डेब्यू टेस्ट में रचा इतिहास, 125 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
टेस्ट डेब्यू कर रहे तेज गेंदबाज ओली रोबिनसन 75 रन पर चार विकेट के साथ इंग्लैंड के सबसे सफल गेंदबाज रहे। मार्क वुड ने 81 रन देकर तीन जबकि जेम्स एंडरसन ने 83 रन देकर दो विकेट चटकाए। न्यूजीलैंड की टीम एक समय तीन विकेट पर 288 रन बनाकर बेहद मजबूत स्थिति में थी लेकिन वुड और रोबिनसन ने इंग्लैंड को सुबह के सेशन के दूसरे घंटे में जोरदार वापसी दिलाई।







