Edited By Arun Kumar | नवभारतटाइम्स.कॉम | Updated:
साउथैम्पटन
इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन का खेल जारी है। विंडीज की पहली पारी शुक्रवार को 318 रन पर सिमट गई। एक समय विंडीज मेजबान टीम पर बड़ी लीड की जाती दिख रही थी लेकिन कप्तान बेन स्टोक्स (4/49) ने उसे जल्दी-जल्दी तीन झटके देकर उसे 318 पर रोक लिया। इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 60 ओवरों में दो विकेट पर 143 रन बना लिए हैं। जो डेनली (27) और जैक क्रावली (18) क्रीज पर हैं।
फिफ्टी बनाकर आउट हुए डॉम
डॉमिनिक सिब्ले ने 161 गेंदों में टेस्ट करियर की पहली हाफ सेंचुरी लगाई। उन्होंने 51.1 ओवर में गैब्रियल को सिंगल लेकर यह आंकड़ा छूआ। हालांकि, तीसरी गेंद पर वह डॉवरिच को कैच थमा बैठे। उन्होंने 164 गेंदों की धैर्यभरी पारी में 4 चौके की मदद से 50 रन बनाए।
पढ़ें- सहवाग की ट्रिपल सेंचुरी पर भारी सचिन की पारी: मुश्ताक
50वें ओवर में 100 रन पूरे
गैब्रियल ने 50वां ओवर किया। इस ओवर की दूसरी गेंद पर सिब्ले ने दो रन चुराया। इसके साथ ही इंग्लैंड का स्कोर 100 रन पहुंच गया।
लंच तक इंग्लैंड का स्कोर 79/1
चौथे दिन का लंच होने तक इंग्लैंड का स्कोर 40 ओवरों में 79/1 है। जो डेनली (1) और सिब्ले (31) क्रीज पर हैं। अब भी वह वेस्टइंडीज से 35 रन पीछे है।
फिफ्टी से चूके रोरी बर्न्स
ओपनर रोरी बर्न्स ने डॉम के साथ मिलकर इंग्लैंड को अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 72 रन जोड़े। बर्न्स हाफ सेंचुरी की ओर बढ़ते दिख रहे थे कि 37वें ओवर की पहली गेंद पर रोस्टन चेज को हवाई शॉट खेल बैठे। बाकी का काम जॉन कैंपबेल ने कैच लेकर पूरा किया। उन्होंने 104 गेंदों में 5 चौके की मदद से 42 रन बनाए।
19.2 ओवर में फिफ्टी
इंग्लैंड टीम ने दूसरी पारी में 19.2 ओवरों में 50 रन पूरे किए। जेसन होल्डर की गेंद पर बर्न्स ने चौका लगाकर टीम का स्कोर 50 के पार पहुंचाया। इस तरह वेस्टइंडीज की बढ़त घटकर अब 63 रन रह गई है।
गैब्रियल के एक ओवर में दो चौके सहित 9 रन
पारी के 16वें ओवर में गैब्रियल को दो चौके पड़े। पहला रोरी ने तो दूसरा सिब्ले ने जड़ा। कुल 9 रन बने।
दिन का पहला ओवर
दिन का पहला और पारी का 11वां ओवर केमर रोच ने किया। इस ओवर की आखिरी गेंद पर डॉमिनिक सिब्ले ने एक रन लेते हुए दिन का खाता खोला।
वेस्टइंडीज की पारी
इससे पहले रोस्टन चेस और शेन डॉवरिच की 81 रन की साझेदारी के बाद वेस्टइंडीज ने बेन स्टोक्स की शानदार गेंदबाजी के सामने आखिरी पांच विकेट 51 रन के भीतर गंवा दिए। हालांकि पहले क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन शुक्रवार को उसे पहली पारी में इंग्लैंड पर 114 रन की बढ़त मिल गई। इंग्लैंड के पहली पारी के 204 रन के जवाब में वेस्टइंडीज ने पहली पारी में 318 रन बनाए।







