कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने पेंशनभोगियों के लिए जीवन प्रमाणपत्र देने की समयसीमा 28 फरवरी, 2021 तक बढ़ा दी गई है। इस कदम से ऐसे करीब 35 लाख लोगों को लाभ होगा जो कोरोना वायरस महामारी की वजह से नवंबर तक अपना जीवन प्रमाणपत्र जमा नहीं करा पाए हैं। श्रम मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि जो पेंशनभोगी 30 नवंबर तक अपना जीवन प्रमाणपत्र जमा नहीं कर पाए हैं, उन्हें फरवरी तक हर महीने पेंशन मिलेगी।
यह भी पढ़ें: EPFO से जुड़ी किसी भी समस्या का हल अब WhatsApp से भी
बयान में कहा गया है, ”कोविड-19 महामारी और इससे बुजुर्गों को खतरे को देखते हुए ईपीएफओ ने कर्मचारी पेंशन योजना-1995 के तहत पेंशन प्राप्त कर रहे पेंशनभोगियों के लिए जीवन प्रमाणपत्र जमा कराने की समयसीमा को बढ़ाकर 28 फरवरी, 2021 कर दिया है।
यह भी पढ़ें: EPFO: जीवन प्रमाण पत्र कभी भी दे सकते हैं पेंशन धारक, दिसंबर तक कराना होता है Life Certificate जमा
अभी कोई भी पेंशनभोगी साल के दौरान 30 नवंबर तक जीवन प्रमाणपत्र जमा कर सकता है। यह प्रमाणपत्र इसके जारी करने की तिथि से एक साल के लिए वैध होता है। अब ऐसे सभी पेंशनभोगी 28 फरवरी, 2021 तक जीवन प्रमाणपत्र जमा करा सकते हैं। मंत्रालय ने कहा है कि नवंबर, 2020 तक जीवन प्रमाणपत्र जमा नहीं करा पाए 35 लाख पेंशनभोगियों की पेंशन विस्तारित अवधि के दौरान रोकी नहीं जाएगी।







