फोर्ब्स ने दुनिया की सबसे शक्तिशाली 100 महिलाओं की सूची में भारत की वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण, एचसीएल एंटरप्राइज की सीईओ रोशनी नादर मल्होत्रा और बायोकॉन की संस्थापक किरण मजूमदार शॉ को शामिल किया। लिस्ट में जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल लगातार 10वें साल भी टॉप पर हैं। 17वीं एनुअल फोर्ब्स पावर लिस्ट में 30 देशों की महिलाओं को शामिल किया गया है, जिनमें से 10 राष्ट्राध्यक्ष, 38 सीईओ और पांच एंटरटेनर हैं।
सीतारमण 41वें, रोशनी नादर 55वें नंबर पर हैं
भारत की शक्तिशाली महिलाओं की बात करें तो इस लिस्ट में निर्मला सीतारमण 41वें नंबर पर हैं, जबकि रोशनी नादर 55वें नंबर पर हैं। किरण मजूमदार शॉ इस लिस्ट में 68वें नंबर पर हैं और लैंडमार्क ग्रुप की चेयरवुमन रेणुका जगतियानी को फोर्ब्स ने 98वें नंबर पर रखा है।
तीसरे नंबर पर कमला हैरिस
भारतीय मूल की कमला हैरिस अमेरिका की पहली महिला वाइस प्रेसिडेंट हैं और लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। अमेरिकी राजनीति में तेजी से कामयाबी की सीढ़ियां चढ़ने वाली हैरिस का नाम दुनिया की 100 सबसे शक्तिशाली महिलाओं की सूची में पहली बार आया है। वहीं इस लिस्ट में बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना को 39वें और ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ-II को 46वें पायदान पर रखा गया है। ताइवान की प्रेसिडेंट साई इंग वेन 37वें नंबर पर रही हैं।
यह भी पढ़ें: टाइम पत्रिका ने जूम के सीईओ को ‘बिजनेसपर्सन ऑफ द ईयर’ चुना







