Hero Bikes Price Hike: दुनिया की सबसे बड़ी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी Hero MotoCorp ने अपने वाहनों की कीमत में इजाफा कर दिया है। अब देश की सबसे ज्यादा बेची जाने वाली बाइक Splendor Plus से लेकर HF Deluxe तक, सभी महंगे हो गए हैं। इससे पहले कंपनी ने बीते जनवरी महीने में अपने वाहनों की कीमत में बढ़ोत्तरी का ऐलान किया था।
इस साल ये दूसरी बार है जब हीरो मोटोकॉर्प की बाइक्स की कीमत में इजाफा किया जा रहा है। बीते महीने ही कंपनी ने इस बात की घोषणा की थी कि, अप्रैल से वाहनों के दाम बढ़ा दिए जाएंगे। उस वक्त कंपनी ने कहा था कि, बढ़ते कच्चे माल की कीमतों और इनपुट कॉस्ट के चलते वाहनों की कीमत में इजाफा किया जा रहा है।
रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी ने स्प्लैंडर रेंज की कीमत में तकरीबन 750 रुपये से लेकर 1200 रुपये तक बढ़ोत्तरी की है वहीं एचएफ डिलक्स रेंज की कीमत में 500 रुपये से लेकर 1,200 रुपये तक इजाफा किया गया है। इससे पहले कंपनी ने अपनी एक्सट्रीम रेंज की बाइक्स की कीमत में बढ़ोत्तरी का ऐलान किया था।
Splendor Plus की कीमत: जैसा कि हमने आपको पूर्व में बताया कि, स्प्लेंडर रेंज में शामिल सभी मॉडल की कीमत में इजाफा किया गया है। इसके किक स्टार्ट वेरिएंट की कीमत 61,785 रुपये से बढ़कर 62,535 रुपये हो गई है। वहीं सेल्फ स्टार्ट वेरिएंट की कीमत 64,085 रुपये से बढ़कर 64,835 रुपये कर दी गई है। ये बाइक i3S स्मार्ट वेरिएंट में भी उपल्ब्ध है, जिसकी कीमत 65,295 रुपये से बढ़कर 66,045 रुपये हो गई है।
कुछ दिनों पहले कंपनी ने बाजार में अपनी 10 करोड़वीं बाइक को पेश किया था, जिसके उपलक्ष्य में कंपनी ने अपने चुनिंदा मॉडलों का नया मिलियन एडिशन भी लॉन्च किया था। इसके तहत बाजार में Splendor Plus मिलियन एडिशन को भी लॉन्च किया गया, कंपनी ने इसकी कीमत में भी इजाफा किया है। मिलियन एडिशन स्प्लेंडर प्लस की कीमत 67,095 रुपये से बढ़कर 67,845 रुपये हो गई है।

Hero HF Deluxe की कीमत: घरेलू बाजार में कंपनी की सबसे सस्ती बाइक एचएफ डिलक्स की कीमत में कंपनी ने 500 रुपये से लेकर 750 रुपये तक इजाफा किया है। इसके किक स्टार्ट स्पोक व्हील वेरिएंट की कीमत 50,200 रुपये से बढ़कर 50,700 रुपये हो गई है। वहीं किक स्टार्ट एलॉय व्हील वेरिएंट की कीमत 51,200 रुपये से बढ़कर 51,700 रुपये हो गई है।







