श्रीनगर: आईजीपी कश्मीर विजय कुमार ने कहा है कि नए भर्ती हुए आतंकवादियों के माता-पिता को अपने बच्चों को वापस बुलाने की निरंतर अपील करनी चाहिए. आईजीपी ने कहा कि ऐसे माता-पिता को खुद को उस अंतिम अपील तक सीमित नहीं करें जब उनके बच्चे एनकाउंटर में फंस गए हैं.
कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने कहा, ‘‘बिजबेहरा मुठभेड़ में सेना के जवान की हत्या के लिए जिम्मेदार आतंकवादी दो दिन के भीतर मारे गए.’’ कुमार ने बताया कि मारे गए आतंकवादियों में से एक हाल-फिलहाल में ही आतंकवादी संगठन में शामिल हुआ था और सुरक्षाबलों ने उससे आत्मसमर्पण करने को भी कहा था. उन्होंने कहा, ‘‘माता-पिता ने भी अपील की लेकिन अन्य आतंकवादियों ने उसे आत्मसमर्पण नहीं करने दिया.’’
Parents should make continuous appeals to newly recruited terrorists to return. Parents shouldn’t confine themselves to the last appeal when their children are trapped in an encounter: IGP Kashmir Vijay Kumar
(file pic) pic.twitter.com/gUM4PotB6y
— ANI (@ANI) April 11, 2021
बता दें कि जम्मू कश्मीर में सुरक्षाबलों के साथ रातभर चली दो मुठभेड़ों में चार आतंकवादी मारे गए जिनमें अनंतनाग जिले में सेना के एक जवान की हत्या की घटना में शामिल आतंकी भी शामिल हैं. पुलिस ने बताया कि शनिवार को शोपियां और अनंतनाग जिलों में शुरू हुई मुठभेड़ों में मरने वाले आतंकवादियों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है. एक आतंकवादी शनिवार देर रात मारा गया था.
इस संबंध में एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में बिजबेहरा इलाके के सेमथान में मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए.’’ उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों ने इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद वहां घेराबंदी की और तलाश अभियान चलाया जिसके बाद शनिवार को मुठभेड़ शुरू हो गई.
मुठभेड़ देर रात तक चलती रही और सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों को फरार होने से रोकने के लिए इलाके में कड़ी घेराबंदी की. अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ रविवार सुबह फिर शुरू हो गई और इसमें दो आतंकवादी मारे गए. पुलिस ने बताया कि मारे गए आतंकवादी शुक्रवार को बिजबेहरा इलाके के गोरीवन में हवलदार मोहम्मद सलीम अखून की उनके घर के बाहर हत्या करने की घटना में शामिल थे.







