ऑस्ट्रेलिया की धरती पर अपनी कप्तानी में ऐतिहासिक जीत दिलाने वाले अजिंक्य रहाणे ने एडिलेड टेस्ट में विराट कोहली के रनआउट होने के बाद हुई बातचीत को लेकर खुलासा किया है। कोहली के पैटरनिटी लीव पर जाने के बाद रहाणे ने भारतीय टीम का नेतृत्व किया था और उनकी कप्तानी में टीम इंडिया गाबा के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया को पहली बार शिकस्त देने में कामयाब रही। भारत की टीम ने ऑस्ट्रेलिया को चार मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-1 से हराकर बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी पर लगातार दूसरी बार कब्जा किया। कोहली की गैरमौजूदगी और खिलाड़ियों की चोटों से जूझने के बावजूद रहाणे की अगुवाई टीम इंडिया का प्रदर्शन लाजवाब रहा था।
एडिलेड टेस्ट की पहली पारी में अजिंक्य रहाणे और विराट कोहली के बीच तालमेल में हुई गड़बड़ के चलते कोहली को रनआउट के रूप में अपना विकेट गंवाना पड़ा था, कोहली उस समय काफी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और अपने शतक के करीब थे। रहाणे ने उस रनआउट पर बात करते हुए कहा, ‘जब वह रनआउट हुआ तो मेरी कुछ समझ नहीं आया। मुझे पता था कि हम दोनों काफी अच्छा कर रहे थे और आगे भी कर सकते थे। ऑस्ट्रेलिया बैकफुट पर था। मुझे काफी बुरा लगा था। मैं जैसे ही अंदर पहुंचा तो मैंने विराट को सॉरी बोला और वह उससे ठीक थे। उन्होंने कहा कि कोई बात नहीं, हम इस बात पर फोकस करते हैं कि हम यहां से कैसे बेहतर स्थिति में पहुंच सकते हैं।’
नासिर ने AUS में भारत के टेस्ट सीरीज जीतने का क्रेडिट दिया विराट को
भारत की टीम एडिलेड टेस्ट की दूसरी पारी में महज 36 रन ही बना सकी थी, जो कि टेस्ट क्रिकेट में टीम का सबसे कम स्कोर भी रहा। इस पर बात करते हुए रहाणे ने बताया, ’36 पर ऑलआउट होने पर, हर कोई निराश था किसी ने भी ऐसी उम्मीद नहीं की थी। हमको इससे निकला ही था और इसके बारे में ज्यादा सोचना नहीं था। हमारे पास अगले टेस्ट मैच के लिए सिर्फ तीन-चार दिन ही थे। एडिलेड टेस्ट में भारत की टीम को ऑस्ट्रेलिया के हाथों 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था और इस हार के बाद तमाम क्रिकेट दिग्गजों ने टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया के वाइटवॉश होने तक की भविष्यवाणी कर डाली थी।







