भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज की शुरुआत 17 दिसंबर से एडिलेड में होने वाले पहले मैच से हो रही है। टेस्ट सीरीज से पहले भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दो तीन दिवसीय मैच प्रैक्टिस मैच हुए। दूसरे प्रैक्टिस मैच में टीम इंडिया के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। रहाणे का यह फैसला गलत साबित हुआ और टीम का स्कोर एक समय 123-9 हो गया था। यहां से तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने फिफ्टी जड़कर स्कोर को 200 के करीब पहुंचाया। इस पारी के दौरान ऑस्ट्रेलियाई ए के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी करते हुए भारत के टॉप ऑर्डर को ध्वस्त कर दिया। इस प्रदर्शन को देखकर पूर्व कंगारू स्पिनर ब्रैड हॉग ने भारतीय बल्लेबाजों की आलोचना की। उनके ऐसा करने पर पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर ने उनसे जमकर मजे लिए हैं।
पहली पारी के दौरान भारत के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज मयंक अग्रवाल(02), हनुमा विहारी(15), कप्तान अजिंक्य रहाणे(04) और ऋषभ पंत(05) ने निराश किया। इसके अलावा पृथ्वी शॉ और मयंक अग्रवाल ने 40 के करीब रन बनाए। इस पर ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज खिलाड़ी ने लिखा, ”भारत के टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों को यह जानना होगा कि उनका ऑफ स्टम्प कहां है, गुड लेंथ की गेंद को छोड़ना सीखना होगा साथ ही ऑफ स्टम्प के बाहर की तरफ जा रही गेंद का भी पीछा करने से बचना होगा।” ब्रैड हॉग के इस ट्वीट पर वसीम जाफर ने मजेदार कमेंट कर उनकी बोलती बंद कर दी।
Indian top order need to know where their off stump is, learn to leave the ball off a good length, and not chase the ball moving away outside off stump. #HoggysTips #AUSAvIND
— Brad Hogg (@Brad_Hogg) December 12, 2020
वसीम जाफर ने इस ट्वीट पर रिप्लाई करते हुए लिखा, ”ऑस्ट्रेलिया को इस समय यह जानने की जरूरत है कि उनका टॉप ऑर्डर क्या है।” आपको बता दें कि जाफर ने ऐसा इसलिए लिखा क्योंकि कंगारू टीम पिछले कुछ समय से लगातार चोट की समस्या की जूझ रही है। चोट के चलते ही भारत के खिलाफ एडिलेड में होने वाले पहले मैच से टीम के सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर और युवा बल्लेबाज विल पुकोवस्की बाहर हो गए हैं। इस तरह जाफर ने कंगारू टीम के टॉप ऑर्डर पर निशाना साधा।
Australia need to know who their top order is ? #AusvInd https://t.co/tRlrGdoqEi
— Wasim Jaffer (@WasimJaffer14) December 12, 2020
दूसरे प्रैक्टिस मैच में भारत के पहली पारी में बनाए 194 रनों के जवाब में ऑस्ट्रेलिया ए की पहली पारी मात्र 108 रनों पर सिमट गई। इस दौरान भारत की तरफ से तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और नवदीप सैनी ने तीन-तीन विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा जसप्रीत बुमराह को दो जबकि मोहम्मद सिराज को एक विकेट मिला। पहली पारी के आधार पर भारत को 86 रनों की अच्छी बढ़त हासिल हुई। हालांकि दूसरी पारी में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। भारत की तरफ से हनुमा विहारी और ऋषभ पंत ने दमदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़े।







