भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन भारतीय टीम का दबदबा रहा। टाॅस हारने के बावजूद भारतीय गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया और पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 195 रनों पर ढेर हो गई। दिन का खेल समाप्त होने तक भारतीय टीम ने एक विकेट के नुकसान पर 36 रन बना लिए थे। बाॅक्सिंग डे टेस्ट मैच के पहले दिन ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों का प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं था। भारतीय गेंदबाजों के सामने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज संघर्ष करते हुए दिखे। आर अश्विन ने स्टीव स्मिथ को क्रीज पर ज्यादा देर टिकने का मौका नहीं दिया। स्मिथ टेस्ट क्रिकेट में पहली बार अपना खाता भी नहीं खोल पाए, अश्विन ने उन्हें शून्य पर आउट किया। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व खिलाड़ी माइकल हसी ने आर अश्विन की तारीफ करते हुए कहा वो मैच दर मैच और बेहतर होते जा रहे हैं।
धोनी के ‘स्टाइल’ में पंत ने की अश्विन की मदद, ऐसे झटका वेड का विकेट
ईएसपीएन क्रिकइन्फो से बातचीत के दौरान हसी ने कहा, ‘ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्पिन के खिलाफ काफी हार्ड खेलने की कोशिश कर रहे थे। जिसके कारण गेंद हल्का सा भी स्पिन करने पर नजदीक खड़े खिलाड़ियों की तरफ जा रही थी। उन्हें ओस के कारण पिच से उछाल भी मिल रहा था। एक बार फिर भारतीय गेंदबाजी बहुत शानदार रही।’ उन्होंने कहा, ‘यह वो स्मिथ नहीं थे जिनको हम स्पिन के खिलाफ देखने के आदी हैं। अश्विन का सामना करते हुए वह काफी अनिश्चित दिखाई दे रहे थे। मानों वो कैच अभ्यास करा रहे हैं।’ सीरीज में यह दूसरा मौका है जब अश्विन ने स्मिथ को आउट किया। एडिलेड टेस्ट मैच में भी वो मात्र एक रन बनाने के बाद अश्विन का शिकार हुए थे।
टेस्ट क्रिकेट में भारत के खिलाफ पहली बार शून्य पर आउट हुए स्टीव स्मिथ
अश्विन की तारीफ करते हुए हसी ने कहा, ‘मैने ध्यान दिया है कि वह जब भी ऑस्ट्रेलिया आए हैं पिछले दौरे से अच्छा किए हैं। वो एक ऐसे क्रिकेटर हैं जो खेल के विषय में सोचते हैं। उन्होंने अपने खेल को बहुत बेहतर कर लिया है। जिसके कारण वह ऑस्ट्रेलिया में काफी प्रभाव छोड़ रहे हैं। मुझे उनकी विविधता काफी पसंद है वह हमेशा बल्लेबाज को भ्रम में रखते हैं।’







