भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की सीरीज का तीसरा और आखिरी वनडे मुकाबला बुधवार (2 दिंसबर) को कैनबरा में खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया की टीम शुरुआती दोनों मुकाबलों को जीतकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है, ऐसे में इस मैच में कंगारू टीम की निगाहें क्लीन स्वीप पर होगी। वहीं, भारतीय टीम तीसरे एकिदवसीय मैच को जीतकर इस दौरे की अपनी पहली जीत दर्ज करना चाहेगी। दोनों ही टीमों में सीरीज के आखिरी मुकाबले में बदलाव देखने को मिल सकते हैं। भारतीय टीम जहां अपने गेंदबाजी अटैक में फेरबदल कर सकती है तो ऑस्ट्रेलिया अपनी बेंच स्ट्रेंथ को इस मैच में आजमा सकता है।
टीम इंडिया में हो सकते हैं बदलाव
भारतीय टीम के गेंदबाजों के लगातार दो मैचों में खराब प्रदर्शन के बाद कप्तान विराट कोहली कैनबरा में होने वाले तीसरे वनडे मैच में प्लेइंग इलेवन में बदलाव कर सकते हैं। बल्लेबाजी क्रम की बात करें तो पिछले मैच में कोहली, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल ने अच्छी पारियां खेली थी, हालांकि मयंक अग्रवाल अबतक मिले दो मौके का फायदा उठाने में नाकाम रहे हैं और उनकी जगह टीम मनीष पांडे को आजमा सकती है और अगर ऐसे होता है तो केएल राहुल ओपनर की भूमिका में दिख सकते हैं।
गेंदबाजी में नवदीप सैनी का इस मैच में टीम से बाहर होना लगभग तय माना जा रहा है। सैनी पिछले मैच में अपने 10 ओवर का स्पेल भी पूरा नही कर सके थे। नवदीप सैनी की जगह टी नटराजन को वनडे क्रिकेट में डेब्यू करना का मौका मिल सकता है। सैनी की अलावा युजवेंद्र चहल की जगह कुलदीप यादव को मौका मिल सकता है।
वॉर्नर की जगह किसे मिलेगा मौका
दूसरे वनडे मुकाबले में चोटिल होकर बाहर हो चुके डेविड वॉर्नर की जगह ऑस्ट्रेलिया किसको मौका देगी यह देखना दिलचस्प होगा। मैथ्यू वेड बतौर सलामी बल्लेबाज नजर आ सकते हैं, क्योंकि वह इस रोल को पहली भी निभा चुके हैं। मार्नस लाबुशेन को भी ओपनिंग करना का मौका मिल सकता है, जबकि वॉर्नर की रिप्लेसमेंट के तौर पर आए डार्सी शॉर्ट भी इस रेस में शामिल हैं। मार्कस स्टोयनिस की फिटनेस पर अभी भी सवाल बना हुआ है। गेंदबाजी में पैट कमिंस को तीसरे वनडे और टी20 सीरीज में आराम दिया गया है, ऐसे में सीन एबॉट को मौका मिल सकता है, जबकि डैनियल सैम्स को भी ऑस्ट्रेलिया की टीम आजमा सकती है।
हेड टू हेड
ऑस्ट्रेलिया और भारत की टीमें वनडे क्रिकेट में अबतक 142 बार एक दूसरे से भिड़ चुकी हैं, जिसमें से 80 मैचों में जीत ऑस्ट्रेलिया के हाथों लगी है, जबकि 52 मुकाबलों में टीम इंडिया ने जीत दर्ज की है। ऑस्ट्रेलिया सरजर्मी पर भारत के प्रदर्शन की बात करें तो यहां टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 53 बार मैदान पर उतरी है और सिर्फ 13 बार ही जीत हासिल कर सकी है, वहीं ऑस्ट्रेलिया ने 38 मैचों को अपने नाम किया है।
कोहली, राहुल नहीं इस खिलाड़ी को बताया गंभीर ने टीम का ‘एक्स फैक्टर
दोनों टीमों का संभावित XI
भारत का संभावित प्लेइंग XI: शिखर धवन, मयंक अग्रवाल/मनीष पांडे, विराट कोहली (कप्तान), केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, हार्दिक पांड्या, रविंद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल/ कुलदीप यादव, नवदीप सैनी/टी नटराजन
ऑस्ट्रेलिया का संभावित प्लेइंग XI: आरोन फिंच (कप्तान), मैथ्यू वेड/डार्सी शॉर्ट, स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, ग्लेन मैक्सवेल, एलेक्स कैरी, मोइसेस हेनरिक्स, सीन एबॉट, जोश हेजलवुड, मिशेल स्टार्क, एडम जाम्पा







