जिस ओवल के मैदान पर पहली पारी में इंग्लिश तेज गेंदबाज भारतीय बैटिंग ऑर्डर को तहस-नहस करके इतरा रहे थे उसी मैदान पर रोहित शर्मा ने दूसरी इनिंग में ऐसा धमाल मचाया कि इंग्लिश खेमे में खलबली मचा दी। क्या जेम्स एंडरसन, क्या क्रिस वोक्स और क्या मोईन अली हर गेंदबाज को हिटमैन ने निशाने पर लिया और विदेशी सरजमीं पर अपना पहला शतक ठोका। सेंचुरी के साथ ही रोहित ने कई बड़े रिकॉर्ड्स को भी अपने नाम किया। रोहित ने टेस्ट क्रिकेट में अपने 3 हजार रन पूरे कर लिए हैं। इसके साथ ही भारतीय सलामी बल्लेबाज ने इंग्लैंड में 2,000 रन पूरे करते हुए सौरव गांगुली और महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ दिया है।
रोहित ने साल 2021 में 1 हजार रन भी पूरे कर लिए हैं और वह भारत की तरफ से ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज भी बन गए हैं। इंग्लैंड की सरजमीं तीनो फॉर्मेट को मिलाकर सबसे ज्यादा ठोकने के मामले में हिटमैन ने राहुल द्रविड़ और सचिन तेंदुलकर को भी पीछे छोड़ दिया है। रोहित ने इंग्लैंड में यह 9वां शतक जड़ा है। रोहित ने बतौर सलामी बल्लेबाज इंटरनेशनल क्रिकेट में 11 हजार रनों के आंकड़े को भी पार कर लिया है। वह ऐसा करने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज हैं। इंग्लैंड में तीनों ही फॉर्मेट में बतौर ओपनर सेंचुरी लगाने वाले रोहित पहले विदेशी बैट्समैन भी बन गए हैं। रोहित ने मोईन अली की गेंद पर जोरदार सिक्स लगाकर अपने शतक पूरा किया।
चेतेश्वर पुजारा रोहित शर्मा का भरपूर साथ निभा रहे हैं और दोनों के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है। पुजारा अपने टेस्ट करियर का 32वां अर्धशतक ठोकने में सफल रहे हैं। खबर लिखे जाने तक टीम इंडिया ने एक विकेट खोकर 232 रन बना लिए हैं और टीम काफी मजबूत स्थिति में दिख रही है। दूसरे सेशन में इंग्लिश तेज गेंदबाज एक भी विकेट नहीं चटका सके, जबकि लंच ब्रेक से पहले अंग्रेजों को सिर्फ केएल राहुल का विकेट नसीब हुआ।







