श्रीलंका क्रिकेट टीम को अगले सप्ताह से भारत के साथ लिमिटेड ओवर की सीरीज खेलनी है। इस सीरीज की शुरुआत 13 जुलाई से ही होनी थी, लेकिन टीम के बैटिंग कोच ग्रांट फ्लॉवर और टीम के डाटा एनालिस्ट जीटी निरोशन के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद सीरीज को रिशेडयूल कर दी गई है और अब इसकी शुरुआत 18 जुलाई से होनी है। टीम के अंदर कोरोना के मामले सामने आने के बाद श्रीलंका के खिलाड़ी और कोच काफी सावधानी बरत रहे हैं। इसी के मददेनजर कोच ने पीपीई किट पहनकर खिलाड़ियों को मैच प्रैक्टिस करवाना शुरू कर दिया है।
श्रीलंका क्रिकेट ने ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें कोच पीपीई किट पहनकर अपने खिलाड़ियों को प्रैक्टिस करवा रहे हैं। एक मिनट 53 सेकेंड के इस वीडियो में टीम की पूरी प्रैक्टिस सेशन को दिखाया गया है। कोच ने पीपीई किट पहनने के अलावा मास्क भी पहन रखा है। टीम ने सोमवार से ही अपनी ट्रेनिंग शुरू की है और अब कोच ने नेटस ट्रेनिंग सेशन में पीपीई किट पहनकर खिलाड़ियों को मैच प्रैक्टिस करवाना शुरू कर दिया है। श्रीलंका की फर्स्ट टीम, जिसमें सीनियर खिलाड़ी दासुन शनाका, कुसल परेरा, दुष्मंथा चमीरा और धनंजय डी सिल्वा शामिल हैं, सभी भारत के खिलाफ लिमिटेड ओवरों की सीरीज से पहले अपने नए आरटी-पीसीआर टेस्ट में निगेटिव पाए गए हैं।
श्रीलंका को हाल में इंग्लैंड दौरे पर टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा था, जबकि तीन मैचों की वनडे में उसे 0-2 से सीरीज गंवानी पड़ी थी। हेड कोच मिकी आर्थर ने कहा है कि टीम के लिए वह काफी चुनौतीपूर्ण दौरा था और टीम के साथ सबसे गलत बात केवल यह हुई कि निरोशन डिकवेला, कुसल मेंडिस और दानुष्का गुणातिल्का को बायो बबल का नियम तोड़ने के कारण स्वदेश भेज दिया गया।







