भारतीय सलामी बल्लेबाज ईशान किशन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी पहले टी20 पारी में धीमी पारी खेलकर एक अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वेस्टइंडीज द्वारा मिले 158 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को रोहित शर्मा ने तो तेज तर्रार शुरुआत दी, मगर दूसरे छोर पर मौजूद ईशान किशन काफी धमे दिखाई दिए।
किशन ने 42 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 32 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइकरेट 83.33 का रहा। टी20 क्रिकेट में किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा खेली गई यह सबसे धीमी पारी है। ईशान किशन से पहले दिनेश मोंगिया ने साल 2006 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 84.44 के स्ट्राइकरेट से सबसे धीमी पारी खेली थी। उस दौरान उन्होंने 45 गेंदों पर 38 रन बनाए थे।
T20I में भारतीय बल्लेबाज द्वारा स्ट्राइकरेट के मामले में सबसे धीमी पारी (कम से कम 40 गेंदें खेलने के बाद)
83.33 ईशान किशन (35/42) बनाम वेस्टइंडीज कोलकाता 2022
84.44 मोंगिया (38/45) बनाम एसए जॉबबर्ग 2006
93.33 गंभीर (56*/60) बनाम ऑस्ट्रेलिया मेलबर्न 2012
बात मुकाबले की करें तो खबर लिखे जाने तक भारत ने 16 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 126 रन बना लिए हैं। क्रीज पर सूर्यकुमार यादव के साथ वेंकटेश अय्यर मौजूद हैं। ईशान किशन के अलावा रोहित शर्मा ने 40, कोहली ने 17 और ऋषभ पंत ने 8 रन बनाए।
वहीं बात विंडीज की पारी की करें तो निकोलस पूरन ने 61 रनों की सर्वाधिक पारी खेली, वहीं मैयर्स ने 31 रनों का योगदान दिया। भारत की ओर से रवि बिश्नोई और हर्षल पटेल को 2-2 विकेट मिले।







