भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैच की टी20 सीरीज का आगाज कल यानि कि 16 फरवरी से होने जा रहा है। वनडे सीरीज में मेहमानों का सूपड़ा साफ करने के बाद टीम इंडिया की नजरें अब क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में विंडीज को धूल चटाने पर होगी। मगर यह काम भारत के लिए वनडे सीरीज जीतना आसान नहीं। वेस्टइंडीज की गिनती दुनिया की सबसे धाकड़ टी20 टीमों में की जाती है और उनका हर एक बल्लेबाज पहली गेंद से बड़े शॉट खेलना जानता है।
वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों को रोकने के लिए भारतीय गेंदबाज अपने कोच के साथ जमकर पसीना बहा रहे हैं। बीसीसीआई ने पहले टी20 से पहले अपने अधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट की है जिसमें मोहम्मद सिराज और भुवनेश्वर कुमार विकेट के आगे जूता रख यॉर्कर की प्रैक्टिस कर रहे हैं। इस दौरान वहां बॉलिंग कोच पारस म्हाम्ब्रे मौजूद थे।
बीसीसीआई ने इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा “ईडन गार्डन्स में बॉलिंग कोच पारस म्हाम्ब्रे की चौकस निगाहों के तहत अभ्यास सत्र में टीम इंडिया के तेज गेंदबाजों ने इसे कैसे पसीना बहाया, इसका एक अंश।”
बात भारत बनाम वेस्टइंडीज टी20 सीरीज के शेड्यूल की करें तो सभी मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले जाने है। 16 फरवरी के बाद टीम इंडिया 18 फरवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरा टी20 खेलेगी। वहीं 20 फरवरी को खेले जाने वाले आखिरी टी20 मैच से वेस्टइंडीज के भारत दौरे का अंत होगा।
भारत की T20I टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, सूर्य कुमार यादव, ऋषभ पंत (उप-कप्तान) (विकेट-कीपर), वेंकटेश अय्यर, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, रवि बिश्नोई, युजवेंद्र चहल , मो. सिराज, भुवनेश्वर कुमार, अवेश खान, हर्षल पटेल, रुतुराज गायकवाड़, दीपक हुड्डा, कुलदीप यादव







