सलामी बल्लेबाज राहुल त्रिपाठी के शानदार अर्धशतक के बाद गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से कोलकाता नाइट राइडर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में बुधवार को यहां चेन्नई सुपरकिंग्स को 10 रन से हराया। नाइट राइडर्स के 168 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सुपरकिंग्स की टीम शेन वॉटसन (50) के अर्धशतक और अंबाती रायुडू (30) के साथ दूसरे विकेट की उनकी 69 रन की साझेदारी के बावजूद पांच विकेट पर 175 रन ही बना सकी।
सुपरकिंग्स की टीम एक समय 10 ओवर में एक विकेट पर 90 रन बनाकर बेहद मजबूत स्थिति में थी, लेकिन सुनील नरेन (31 रन पर एक विकेट), वरुण चक्रवर्ती (28 रन पर एक विकेट) और आंद्रे रसेल (18 रन पर एक विकेट) ने आखिरी 10 ओवरों में शानदार गेंदबाजी करते हुए नाइट राइडर्स को जोरदार वापसी और जीत दिलाई।
केएल राहुल या ऋषभ पंत में कौन ले सकता है विकेटकीपिंग में धोनी की जगह, सुनें ब्रायन लारा का जवाब
नाइट राइडर्स की टीम त्रिपाठी के शानदार अर्धशतक के बावजूद 167 रन पर सिमट गई। त्रिपाठी ने 51 गेंद की अपनी पारी में आठ चौके और तीन छक्के जड़े। उनके अलावा नाइट राइडर्स का कोई बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े को भी नहीं छू पाया। सुपरकिंग्स की ओर से ड्वेन ब्रावो ने 37 रन देकर तीन, जबकि कर्ण शर्मा ने 25, सैम कुरेन ने 26 और शारदुल ठाकुर ने 28 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए। नाइट राइडर्स की टीम अंतिम 10 ओवर में 74 रन ही जोड़ सकी। राहुल त्रिपाठी को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ करार दिया गया।
नाइट राइडर्स की पांच मैचों में यह तीसरी जीत है और टीम छह अंक के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। सुपरकिंग्स के छह मैचों में चौथी हार के बाद चार अंक हैं। लक्ष्य का पीछा करने उतरे सुपरकिंग्स की शुरुआत खराब रही और फैफ डुप्लेसी 17 रन बनाने के बाद शिवम मावी की गेंद पर विकेटकीपर दिनेश कार्तिक को कैच दे बैठे। वॉटसन ने क्रीज पर जमने के बाद मावी की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का जड़ा। सुपरकिंग्स ने पावर प्ले में एक विकेट पर 54 रन बनाए।
AUSvIND: भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर मंडराया खतरा, शेड्यूल को लेकर ब्रॉडकास्टिंग कंपनी नाखुश
रायुडू ने पैट कमिंस पर चौका जड़ने के बाद लेग स्पिनर चक्रवर्ती और तेज गेंदबाज कमलेश नागरकोटी का स्वागत चौकों के साथ किया। वॉटसन ने भी चक्रवर्ती और नागरकोटी पर चौके जड़े। कार्तिक ने नागरकोटी को नए स्पैल के लिए वापसी कराई और इस तेज गेंदबाज ने पहली ही गेंद पर रायुडू को बाउंड्री पर शुभमन गिल के हाथों कैच करा दिया। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने नागरकोटी की गेंद पर एक रन के साथ 13वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन तक पहुंचाया। वॉटसन ने इसी ओवर में एक रन के साथ 39 गेंद में लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा किया।
सुनील नारायण ने वॉटसन को बोल्ड करके नाइट राइडर्स को बड़ी सफलता दिलाई। वॉटसन ने 40 गेंद की अपनी पारी में छह चौके और एक छक्का मारा। सुपरकिंग्स की टीम इस बीच 11 से 15वें ओवर तक पांच ओवर में 20 रन ही बना सकी और इस दौरान कोई बाउंड्री नहीं लगी जिससे टीम पर दबाव बना। सुपरकिंग्स को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 58 रन की दरकार थी। सैम कुर्रन ने नारायण की लगातार गेंदों पर छक्के और चौके के साथ बाउंड्री के सूखे को खत्म किया।
धोनी ने चक्रवर्ती पर चौका जड़ा, लेकिन अगली गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में बोल्ड हो गए। उन्होंने 11 रन बनाए। इस ओवर में सिर्फ पांच रन बने। आंद्रे रसेल ने अपनी पहली ही गेंद पर कुर्रन (17) को पवेलियन भेजा और सिर्फ तीन रन दिए। अंतिम दो ओवर में सुपरकिंग्स को 36 रन की दरकार थी। नरेन के पारी के 19वें ओवर में भी सुपरकिंग्स की टीम 10 रन ही बना सकी। रसेल को अंतिम ओवर में 26 रन का बचाव करना था और उनके ओवर में सिर्फ 15 रन बने।
इससे पहले नाइट राइडर्स के कप्तान कार्तिक ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद त्रिपाठी और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी ने टीम को सतर्क शुरुआत दिलाई। त्रिपाठी ने दीपक चाहर के शुरुआती दो ओवर में तीन चौके मारे, जबकि गिल ने भी चौका जड़ा।गिल हालांकि अधिक देर नहीं टिक सके और 11 रन बनाने के बाद शारदुल की गेंद पर विकेटकीपर धोनी को कैच दे बैठे। त्रिपाठी ने चाहर पर पारी का पहला छक्का जड़ा और फिर कर्ण शर्मा का स्वागत छक्के के साथ किया। नाइट राइडर्स ने पावर प्ले में एक विकेट पर 52 रन बनाए।
नितीश राणा हालांकि कर्ण की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में बाउंड्री पर रविंद्र जडेजा को आसान कैच दे बैठे। उन्होंने नौ रन बनाए। त्रिपाठी ने ब्रावो पर चौके के साथ 31 गेंद में अर्धशतक पूरा किया, जबकि सुनील नरेन (17) ने इसी ओवर में लगातार गेंदों पर छक्का और चौका जड़ा। नरेन इसके बाद बाउंड्री पर शानदार कैच का शिकार बने। उन्होंने कर्ण की गेंद को उठाकर मारा, लेकिन जडेजा ने दौड़ते हुए गेंद को थाम लिया, लेकिन जब सीमा रेखा के करीब पहुंचने लगे तो इसे डुप्लेसी की ओर बढ़ा दिया जिन्होंने इसे कैच में तब्दील किया।
इयोन मोर्गन ने शारदुल पर चौके के साथ खाता खोला और 12वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया। सुपरकिंग्स के गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में रन गति पर अंकुश लगाया। नाइट राइडर्स की टीम 11वें से 14वें ओवर के बीच चार ओवर में 21 रन ही बना सकी और इसका फायदा टीम को मोर्गन (07) के विकेट के रूप में मिला जिन्होंने कुरेन की बाउंसर पर धोनी को कैच दिया।
त्रिपाठी ने नए स्पैल के लिए आए चाहर पर चौका और छक्का जड़ा, लेकिन आंद्रे रसेल (02) शारदुल की गेंद पर धोनी को कैच दे बैठे। त्रिपाठी ने ब्रावो पर चौका जड़ा, लेकिन इसी तेज गेंदबाज की गेंद पर स्लिप में वॉटसन को कैच दे बैठे। कमिंस (नाबाद 17) ने शारदुल पर चौके और छक्के के साथ 18वें ओवर में टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया। कुर्रन ने कार्तिक को आउट किया, जबकि ब्रावो ने नागरकोटी और मावी को पवेलियन भेजा।
चेन्नई सुपरकिंग्स:
शेन वॉटसन पगबाधा बो नारायण 50
फैफ डुप्लेसी का कार्तिक बो मावी 17
अंबाती रायुडू का गिल बो नागरकोटी 30
महेंद्र सिंह धोनी बो चक्रवर्ती 11
सैम कुरेन का मोर्गन बो रसेल 17
केदार जाधव नाबाद 07
रविंद्र जडेजा नाबाद 21
अतिरिक्त: 4
कुल: 20 ओवर में पांच विकेट पर: 157 रन
विकेट पतन: 1-30, 2-99, 3-101, 4-129, 5-129
कोलकाता गेंदबाजी:
आंद्रे रसेल 2-0-18-1
पैट कमिंस 4-0-25-0
सुनील नरेन 4-0-31-1
शिवम मावी 3-0-32-1
वरुण चक्रवर्ती 4-0-28-1
कमलेश नागरकोटी 3-0-21-1
कोलकाता नाइट राइडर्स:
राहुल त्रिपाठी का वॉटसन बो ब्रावो 81
शुभमन गिल का धोनी बो शारदुल 11
नितीश राणा का जडेजा बो कर्ण 09
सुनील नरेन का डु प्लेसिस बो कर्ण 17
इयोन मोर्गन का धोनी बो कुरेन 07
आंद्रे रसेल का धोनी बो शारदुल 02
दिनेश कार्तिक का शारदुल बो कुरेन 12
पैट कमिंस नाबाद 17
कमलेश नागरकोटी का डु प्लेसिस बो ब्रावो 00
शिवम मावी का धोनी बो ब्रावो 00
वरुण चक्रवर्ती रन आउट 01
अतिरिक्त: 10
कुल:20 ओवर में सभी विकेट खोकर: 167 रन
विकेट पतन: 1-37, 2-70, 3-98, 4-114, 5-128, 6-140, 7-162, 8-163, 9-166
चेन्नई गेंदबाजी:
सैम कुरेन 4-0-26-2
कर्ण शर्मा 4-0-25-2
ड्वेन ब्रावो 4-0-37-3
दीपक चाहर 4-0-47-0
शारदुल ठाकुर 4-0-28-2







