मयंक अग्रवाल के शतक और कप्तान केएल राहुल के साथ उनकी पहले विकेट के लिए 183 रन की बड़ी साझेदारी की मदद से किंग्स इलेवन पंजाब ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ रविवार को शारजाह में दो विकेट पर 223 रन बनाए। किंग्स इलेवन को बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर कर्नाटक के ये दोनों बल्लेबाज हावी हो गए। अग्रवाल शुरू से बड़े शॉट खेलने के मूड में दिखे। उन्होंने 50 गेंदों पर 106 रन बनाये जिसमें दस चौके और सात छक्के शामिल हैं। पिछले मैच में शतक जड़ने वाले राहुल ने 54 गेंदों का सामना किया तथा अपनी 69 रन की पारी में सात चौके और एक छक्का लगाया।

वैसे तो इस मैच का मुख्य आकर्षण मयंक ही रहे जिन्होंने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से राजस्थान के गेंदबाजों को नाको चने चबवा दिए, लेकिन पंजाब के स्कोर को 223 तक ले जाने में एक और खिलाड़ी ने अहम भूमिका निभाई जिसका नाम है निकोलस पूरन। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरे पूरन ने सिर्फ 8 गेंदों में 1 चौके और 3 छक्के की मदद से 25 रन ठोक डाले। उनकी इस आक्रामक बल्लेबाजी के बाद अचानक ही सोशल मीडिया पर जोफ्रा आर्चर का एक पुराना ट्वीट वायरल हो गया जिसे किंग्स इलेवन पंजाब ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर भी शेयर किया है।

दरअसल इस ट्वीट में जोफ्रा ने 6 साल पहले ही पूरन के बारे में भविष्यवाणी कर दी थी कि वे एक दिन ऐसी बल्लेबाजी करेंगे और रविवार को शारजाह में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैदान पर ऐसा ही नजारा देखने को मिला। पंजाब की पारी के आखिरी ओवर में जो कि जोफ्रा ही कर रहे थे, पूरन ने 2 छक्के सहित 1 चौका जड़ा और पंजाब का स्कोर 223 तक जा पहुंचा। यह पहली बार नहीं है कि जोफ्रा का कोई पुराना ट्वीट सामने आया हो, पहले भी उनके कुछ पुराने ट्वीट सामने आते रहे हैं। पूरन से जुड़ा उनका ये ट्वीट 14 फरवरी 2014 का है।





Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here