दुबई में किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ मंगलवार को खेले गए आईपीएल 2020 के 38वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने नाबाद शतक लगाकर कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। सबसे पहले तो वे 106 रन की नाबाद पारी खेल कर इस टूर्नामेंट में लगातार दो शतकीय पारी खेलने वाले पहले बल्लेबाज बने। बीते 17 अक्टूबर को चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ नाबाद 101 रन की पारी खेलने वाले धवन इस मैच में 61 गेंद की पारी में 12 चौके और तीन छक्के लगाए। उनकी इस शानदार पारी के दम पर दिल्ली ने पांच विकेट पर 164 रन बनाए।

इस शतकीय पारी के दौरान दिल्ली के सलामी बल्लेबाज ने कई और रिकॉर्ड अपने नाम किए जिसमें आईपीएल में 5000 रन का आंकड़ा छूना और लगातार चार पारियों में 50 रन से अधिक का स्कोर करना शामिल है। धवन ने पारी के 13वें ओवर में रवि बिश्नोई की गेंद पर छक्का लगाकर इस टूर्नामेंट में 5000 रनों के आंकडे को छूने वाले पांचवें बल्लेबाज बन गए। उन्होंने यह उपलब्धि 169वें मैच में हासिल की।

धवन इसके साथ ही आईपीएल में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में डेविड वॉर्नर से आगे चौथे स्थान पर पहुंच गए। इस सूची में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली 5759 रन के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि सुरेश रैना (5368) दूसरे और मुंबई इंडियन्स के कप्तान रोहित शर्मा (5158) तीसरे स्थान पर हैं। पंजाब के खिलाफ नाबाद शतकीय पारी के बाद धवन के नाम 5044 रन हैं, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज डेविड वॉर्नर के नाम 5037 रन हैं।

IPL 2020: धवन के शतक पर भारी पड़ी निकोलस पूरन की पारी, पंजाब से हारी दिल्ली कैपिटल्स

धवन उन चुनिंदा बल्लेबाजों की सूची में भी शामिल हो गए जिन्होंने इस टूर्नामेंट की लगातार चार या अधिक पारियों में अर्धशतक या उससे ज्यादा का स्कोर किया हो। इस सूची में वीरेन्द्र सहवाग (2012 में दिल्ली डेयरडेविल्स), जोस बटलर (2018 में राजस्थान रॉयल्स), डेविड वॉर्नर (2019 में सनराइजर्स हैदराबाद) पांच अर्धशतकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं, जबकि लगातार चार पारियों में 50 रन से अधिक का स्कोर करने वाले बल्लेबाजों में धवन के अलावा विराट कोहली (2016 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर), केन विलियमसन (2018 में सनराइजर्स हैदराबाद) शामिल हैं। धवन ने मुंबई इंडियन्स और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेलने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब के खिलाफ शतकीय पारी खेली।





Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here