Indian Premier League: कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) सहित मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के खिलाड़ी शनिवार को मैनचेस्टर से दुबई के लिए रवाना होंगे, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स ने भी पांचवां टेस्ट रद्द होने के बाद दोनों देशों के अपने खिलाड़ियों को वाणिज्यिक विमान (Commercial Flights) से यूएई लाने की कोशिश कर रहे हैं. 

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने इससे पहले एक चार्टर्ड विमान से भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवें टेस्ट में शामिल खिलाड़ियों को 15 सितंबर को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के लिए यूएई (UAE) लाने की योजना बनाई थी. लेकिन भारतीय खेमे में कोविड-19 के प्रकोप के कारण पांचवां टेस्ट शुक्रवार को रद्द हो गया, जिसके बाद परिस्थितियां बदल गईं और अब फ्रेंचाइज़ी ही अपने खिलाड़ियों को दुबई लाने का इंतेज़ाम कर रही हैं. 

रोहित के साथ बुमराह और सूर्यकुमार भी कल दुबई के लिए भरेंगे उड़ान

रोहित के अलावा मुंबई इंडियंस के जसप्रीत बुमराह और सूर्यकुमार यादव अपने-अपने परिवारों के साथ मैनचेस्टर से दुबई रवाना होंगे. वहीं रविंद्र जडेजा, चेतेश्वर पुजारा, शार्दुल ठाकुर, मोईन अली और सैम कर्रन चेन्नई की टीम का हिस्सा हैं, जिसने 19 सितंबर से शुरू होने वाली लीग (आईपीएल 2021 के दूसरे चरण) से पहले ही अपना अभ्यास शुरू कर दिया है. 

छह दिनों तक कमरे में क्वारंटीन रहेंगे खिलाड़ी

पंजाब किंग्स की टीम से कप्तान केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, मोहम्मद शमी और डेविड मलान भी मैनचेस्टर में हैं. आईपीएल से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, टेस्ट मैच रद्द होने के बाद से बीसीसीआई किसी चार्टर विमान की व्यवस्था नहीं कर रहा है. इसलिए हर फ्रेंचाइजी अपनी-अपनी यात्रा की व्यवस्था कर रही है. चूंकि वे सभी वाणिज्यिक उड़ान का इस्तेमाल कर रहे हैं तो उन्हें छह दिनों के कमरे में क्वारंटीन रहना होगा. 

इंग्लैंड दौरे पर भारतीय खेमे में कोविड-19 के प्रकोप से पहले की योजना के मुताबिक, बीसीसीआई के चार्टर्ड विमान से आने वाले खिलाड़ी इंग्लैंड के बायो-बबल से सीधे यूएई के बायो बबल में शामिल होते. 



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here