रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने अपने सलामी बल्लेबाज देवदत्त पडीक्कल के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि कर दी है। आरसीबी ने रविवार शाम को ट्विटर पर इसकी जानकारी दी। आईपीएल 2021 नौ अप्रैल से शुरु होने जा रहा है। देवदत्त पडीक्कल का टूर्नामेंट शुरू होने से एक हफ्ते पहले कोरोना पॉजिटिव निकलना टीम के लिए बड़ा झटका है। पडीक्कल का प्रदर्शन विजय हजारे टूर्नामेंट में इस सीजन बेहद शानदार रहा था और उन्होंने 700 से अधिक रन बनाए थे।
आरसीबी ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से जानकारी दी कि देवदत्त पडिक्कल ने 22 मार्च को कोविड का परीक्षण कराया था। इसमें पडिक्कल पॉजिटिव निकले। देवदत्त पडिक्कल तभी से बेंगलुरु में अपने घर में क्वारंटाइन हैं। आईपीएल प्रोटोकॉल के अनुसार आरटीपीसीआर टेस्ट में नेगेटिव आने के बाद देवदत्त आरसीबी के बायो-बबल में शामिल होने के लिए फिट होंगे। एक और ट्वीट में आरसीबी ने बताया कि आरसीबी की मेडिकल टीम देवदत्त के साथ संपर्क में है ताकि उनकी सुरक्षा और ओर उनका जल्द स्वस्थ होना सुनिश्चित हो सके। वो अभी अच्छा महसूस कर रहे हैं और हम उनके टीम को ज्वाइन करने का ज्यादा इतंजार नहीं कर सकते।
Official Statement: Devdutt Padikkal tested positive for COVID-19 on 22nd March 2021. He has been in mandatory quarantine at his residence in Bengaluru since then. Devdutt will be fit to join the RCB bio-bubble once his RT-PCR tests are negative, as per IPL protocol.
— Royal Challengers Bangalore (@RCBTweets) April 4, 2021
पिछले सीजन आईपीएल में अपना डेब्यू करने वाले पडीक्कल ने अपनी बल्लेबाजी से हर किसी को काफी प्रभावित किया था और आरसीबी की तरफ से सर्वाधिक रन बनाए थे । उन्होंने 15 आईपीएल मैचों में 31.53 की औसत से कुल 473 रन बनाए थे। इससे पहले शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी अक्षर पटेल कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए थे। इसके अलावा चेन्नई सुपर किंग्स के सपोर्टिंग स्टाफ का एक सदस्य भी कोरोना संक्रमित हो गया था। 9 अप्रैल को टूर्नामेंट के पहले मैच में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस की टीम का आमना-सामना विराट कोहली की अगुवाई वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से होना है।







