इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 के 12वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने स्पिन गेंदबाजों के दम पर राजस्थान रॉयल्स को 45 रनों से हराया। टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसके ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 188 रन बनाए। टीम की तरफ से फाफ डुप्लेसी ने सबसे अधिक 33 और अंबाती रायडू ने 27 रन बनाए। 189 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की तरफ से महज जोस बटलर (49) ही क्रीज पर टिककर चेन्नई के गेंदबाजों का सामना कर सके। बटलर के आउट होते ही राजस्थान की बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। चेन्नई की ओर से मोईन अली ने तीन और रवींद्र जडेजा ने 2 विकेट झटके। इस जीत के साथ महेंद्र सिंह धोनी की टीम अब प्वॉइंट टेबल में दूसरे नंबर पर पहुंच गई है। 

मोर्गन की कप्तानी से नाखुश दिखे गंभीर, बताई हार की बड़ी वजह

189 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी राजस्थान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और मनन वोहरा कुछ अच्छे शॉट्स लगाने के बाद 14 रन बनाकर सैम करन की गेंद पर पवेलियन लौटे। इसके बाद कप्तान संजू सैमसन भी कुछ खास नहीं कर सके और महज 1 रन बनाकर चलते बने। इसके बाद जोस बटलर और शिवम दुबे (17) ने तीसरे विकेट के लिए 42 रन जोड़े और टीम को मैच में वापस लाने की कोशिश की। लेकिन, रवींद्र जडेजा ने अपने तीसरे ओवर मे बटलर और शिवम दुबे को आउट कर राजस्थान की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अगले ही ओवर में मोईन अली ने डेविड मिलर (2) को भी पवेलियन भेजा दिया। पिछले मैच में टीम को सिक्स लगाकर जीत दिलाने वाले क्रिस मौरिस इस मैच में अपना खाता तक नहीं खोल सके। आखिरी के ओवरों में राहुल तेवतिया (20) ने कुछ दमदार शॉट्स लगाए, लेकिन उस वक्त काफी देर हो चुकी थी। 

राजस्थान के सबसे सफल बॉलर के खिलाफ सैम ने टेनिस स्टाइल में जड़ा

इससे पहले सुपरकिंग्स की टीम एक समय 13 ओवर में तीन विकेट पर 120 रन बनाकर अच्छी स्थिति में थी लेकिन अंतिम सात ओवर में टीम 68 रन ही जोड़ सकी। सैमसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और ऋतुराज गायकवाड़ (10) तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट की पारी की पहली गेंद पर भाग्यशाली रहे जब स्लिप में राहुल तेवतिया ने उनका कैच टपका दिया। फाफ डुप्लेसी (33) ने दूसरे ओवर में सकारिया पर पारी का पहला छक्का जड़ा। गायकवाड़ हालांकि जीवनदान का फायदा नहीं उठा पाए और मुस्ताफिजुर रहमान की गेंद को हवा में लहराकर मिड ऑफ पर शिवम दुबे को कैच दे बैठे। डुप्लेसी ने पांचवें ओवर में उनादकट पर तीन चौके और एक छक्का जड़कर रन गति में इजाफा किया लेकिन अगले ओवर में मौरिस की गेंद को हवा में खेलकर बाउंड्री पर रियान पराग को कैच दे बैठे। उन्होंने 17 गेंद की पारी में चार चौके और दो छक्के मारे। 

सुपरकिंग्स की टीम पावरप्ले में दो विकेट पर 46 रन ही बना सकी। मोईन अली ने मुस्ताफिजुर और मौरिस पर छक्के जड़कर तेवर दिखाए लेकिन तेवतिया की गेंद पर पराग को डीप मिडविकेट पर कैच दे बैठे। सुरेश रैना ने पांचवीं गेंद पर खाता खोलने के बाद पराग पर छक्का जड़ा जबकि अंबाती रायडू ने भी इस स्पिनर पर छक्का जड़ा। रायुडू ने तेवतिया पर भी लगातार दो छक्के मारे। सुपरकिंग्स के 100 रन 12वें ओवर में पूरे हुए। रायुडू हालांकि 17 गेंद में 27 रन बनाने के बाद सकारिया की गेंद को छह रन के लिए भेजने के प्रयास में बाउंड्री पर पराग को कैच दे बैठे। उन्होंने अपनी पारी में तीन छक्के मारे। रैना भी सकारिया के इसी ओवर में शॉट सीधे मौरिस के हाथों में खेल गए जिससे टीम का स्कोर पांच विकेट पर 125 रन हो गया। उन्होंने 15 गेंद में 18 रन बनाए। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी 17 गेंद में 18 रन बनाने के बाद सकारिया का शिकार बने जबकि मौरिस ने जडेजा (08) को पवेलियन भेजा। ब्रावो ने आठ गेंद में 20 रन बनाकर टीम का स्कोर 190 के करीब पहुंचाया।
 



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here