Royal Challengers Bangalore vs Kolkata Knight Riders Eliminator: कल यानी सोमवार को विराट कोहली की अगुवाई वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और इयोन मोर्गन की अगुवाई वाली कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा. अपने पहले खिताब की कवायद में लगी आरसीबी सोमवार को एलिमिनेटर मुकाबले में जब केकेआर का सामना करेगी तो विराट कोहली के रणनीतिक कौशल और इयोन मोर्गन के धैर्य की भी कड़ी परीक्षा होगी. 

इस सीज़न के बाद कप्तानी छोड़ने का फैसला कर चुके कोहली की अगुवाई में आरसीबी 2016 में फाइनल में पहुंची थी. इसके अलावा उनके नेतृत्व में टीम 2015 और 2020 में भी प्लेऑफ में पहुंची थी और अब कोहली खिताब के साथ कप्तानी से शानदार विदाई लेना चाहेंगे. 

वहीं इयोन मोर्गन के सामने केकेआर की खोई प्रतिष्ठा फिर से हासिल करने की चुनौती है. टीम ने 2012 से 2014 के बीच तीन साल के अंदर गौतम गंभीर की अगुवाई में दो बार खिताब जीता था. लेकिन इसके बाद से टीम एक बार भी फाइनल में नहीं पहुंच सकी है.

भले ही कागजों पर दोनों टीमें समान रूप से मजबूत हैं, लेकिन आंकड़ों के लिहाज से केकेआर का पलड़ा थोड़ा भारी है. उसने दोनों टीमों के बीच खेले गये 28 मैचों में से 15 में जीत दर्ज की है. हालांकि, आरसीबी अपने अंतिम लीग मैच में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आखिरी गेंद पर छक्के से जीत दर्ज करने के बाद आत्मविश्वास से भरी है. वह 14 मैचों में 18 प्वाइंट्स के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर रही.

केकेआर ने दूसरी तरफ पहले चरण के लचर प्रदर्शन के बाद यूएई चरण में सात में से पांच मैच जीते और 14 अंकों के साथ चौथा स्थान हासिल किया. मोर्गन की टीम ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 86 रन की बड़ी जीत से प्लेऑफ में जगह पक्की की और वह आगे भी अपनी इस लय को बरकरार रखने की कोशिश करेगी. लेकिन मैदान पर पिछले रिकार्ड अधिक मायने नहीं रखेंगे और मैच में महत्वपूर्ण मौकों पर अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीम जीत दर्ज करेगी. यह बात कोहली और मोर्गन दोनों अच्छी तरह से जानते हैं. दोनों कप्तानों के पास अच्छे कुशल खिलाड़ी हैं.

आरसीबी में कोहली के अलावा एबी डिविलियर्स, ग्लेन मैक्सवेल और देवदत्त पडिक्कल के रूप में दमदार बल्लेबाज हैं. श्रीकर भरत का अच्छा प्रदर्शन टीम के लिये सकारात्मक संकेत है, लेकिन टीम को उचित संयोजन तलाशने की जरूरत है जिसमें वह अभी तक नाकाम रही है. विकेटकीपर बल्लेबाज भरत ने आरसीबी के पिछले मैच में 52 गेंदों पर नाबाद 78 रन बनाये और आखिरी गेंद पर विजयी छक्का लगाया. आरसीबी की तरफ से मैक्सवेल ने अहम भूमिका निभायी है. इस ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने इस सीजन में 498 रन बनाये हैं. 

गेंदबाजी में हर्षल पटेल ने शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने 14 मैचों में 30 विकेट लिए, जिसमें मुंबई इंडियंस के खिलाफ हैट्रिक भी शामिल है. मोहम्मद सिराज और जॉर्ज गार्टन प्रभावशाली रहे हैं जबकि युजवेंद्र चहल ने 16 विकेट लेकर अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया है.

ऐसी हो सकती है प्लेइंग इलेवन

आरसीबी की प्लेइंग इलेवन- विराट कोहली (कप्तान), देवदत्त पडिकल, केएस भरत (विकेटकीपर), ग्लेन मैक्सवेल, एबी डिविलियर्स, डैन क्रिश्चियन, जॉर्ज गार्टन, शाहबाज अहमद, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद सिराज और हर्षल पटेल.

केकेआर की प्लेइंग इलेवन- वेंकटेश अय्यर, शुभमन गिल, राहुल त्रिपाठी, नितीश राणा, इयोन मोर्गन (कप्तान), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), आंद्रे रसेल, लॉकी फर्ग्यूसन, शिवम मावी, वरुण चक्रवर्ती और सुनील नारेन.



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here