ऐप के जरिए कैब प्रोवाइड कराने वाली कंपनी ओला का प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) आने वाला है। इससे पहले कंपनी को बड़ी सफलता मिली है। दरअसल, एक दशक पहले परिचालन शुरू करने वाली कंपनी ओला को पहली बार मुनाफा हुआ है।
ओला की पैरेंट कंपनी एएनआई टेक्नोलॉजीज द्वारा जमा कराए गए दस्तावेजों के मुताबिक मार्च 2021 में समाप्त हुए वित्त वर्ष के दौरान ओला को 89.82 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ है। एक साल पहले यानी वित्त वर्ष 2019-20 में ओला को 610.18 करोड़ रुपए का घाटा हुआ था।
आंकड़ों पर गौर करें तो ओला को मुनाफे में आक्रामक लागत में कटौती और कर्मचारियों की संख्या में कमी की वजह से मदद मिली है। बताया जा रहा है कि ओला ने राजस्व में 95 प्रतिशत गिरावट आने के बाद अपने राइड, वित्तीय सेवा और फूड बिजनेस से 1400 कर्मचारियों की छंटनी की थी।
गोल्ड या स्टॉक मार्केट, कहां मिला ज्यादा मुनाफा? जानिए बेस्ट ऑप्शन के बारे में
आईपीओ की होगी लॉन्चिंग: बता दें कि भाविश अग्रवाल ने साल 2010 में ओला की स्थापना की थी। ओला ने अगले कुछ महीनों में एक प्रारंभिक सार्वजनिक पेशकश (आईपीओ) के माध्यम से 1 बिलियन डॉलर तक जुटाने की योजना बनाई है। कंपनी दिसंबर तक सेबी के पास अपने दस्तावेज जमा करवा सकती है।







