जम्मू में जिला विकास परिषद (डीडीसी) के तीसरे चरण के चुनाव में वोट डालने के बाद अपनी उंगली पर लगी स्याही को देखकर 87 वर्षीय लाल चंद और उनकी 82 वर्षीय पत्नी त्रिविता की आंखों में आंसू आ गए। दंपति ने कहा कि जीवन में एक बार मतदान करने की हमारी इच्छा आज पूरी हो गई।
लालचंद और उनकी पत्नी पश्चिम पाकिस्तानी शरणार्थी हैं जो 1947 में विभाजन के दौरान भारत आ गए थे। पिछले साल पांच अगस्त को केंद्र द्वारा संविधान के अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों को निरस्त करने के बाद लगभग 1.50 लाख अन्य लोगों को जम्मू-कश्मीर के स्थानीय चुनावों में मतदान करने की योग्यता हासिल हुई है।
14 वर्ष की उम्र में 1947 में पश्चिम पाकिस्तान से भागे लालचंद ने कहा कि मैंने अपने जीवन में पहली बार मतदान किया है। उन्होंने कहा, “हमारी अंतिम इच्छा पूरी हो गई है।” उनके गांव चक जाफर में कई अन्य पश्चिम पाकिस्तान के शरणार्थियों के घर में उत्सव का माहौल है।
पाकिस्तान शरणार्थी एक्शन कमेटी के अध्यक्ष लाबा राम गांधी ने कहा, ”हम इन चुनावों में मतदान करके बहुत खुश हैं। यह पूरे देश के लिए संदेश है कि सात दशक बाद हमारे साथ न्याय हुआ है। आज हमें हमारी आजादी मिली है।” ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को उनका हक दिलाने के लिए धन्यवाद दिया।
डीडीसी चुनाव के तीसरे चरण में 50% से अधिक मतदान
केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के 33 निर्वाचन क्षेत्रों में स्वतंत्रता के बाद पहली बार कड़ी सुरक्षा के बीच हो रहे जिला विकास परिषद (डीडीसी) चुनावों के तीसरे चरण में शुक्रवार 50.53 प्रतिशत मतदान हुआ। राज्य चुनाव आयुक्त के के शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि जिला विकास परिषद चुनाव के तीसरे चरण में 50.53 प्रतिशत मतदान हुआ जो प्रदेश में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। चुनाव आयुक्त ने कहा कि डीडीसी चुनाव के तीसरे चरण के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने मताधिकार को प्रयोग करने के लिए घर से बाहर निकले।
कश्मीर संभाग में 31.61 प्रतिशत मतदान
शर्मा ने बताया कि कश्मीर संभाग में कुल मतदान 31.61 प्रतिशत हुआ, जबकि जम्मू क्षेत्र में कुल मतदान प्रतिशत 68.88 प्रतिशत रहा। एक अधिकारी ने सरपंच के उप-चुनावों को लेकर बताया कि 126 निर्वाचन क्षेत्रों में से 66 में मतदान हुआ था जिसमें 144 पुरुष और 40 महिला उम्मीदवारों सहित कुल 184 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे थे। उन्होंने कहा, “इसमें से 40 सरपंच निर्वाचन क्षेत्र निर्विरोध भरे जा चुके हैं।”







