यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का शनिवार की शाम निधन हो गया। 89 साल की उम्र में शनिवार की शाम उन्होंने अंतिम सांस ली। वह कई दिनों से बीमार चल रहे थे। कल्याण सिंह की सेहत को देखते हुए सबसे पहले उन्हें लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चार जुलाई को उनकी हालत फिर से बिगड़ने पर उन्हें यहां से उन्हें पीजीआई में शिफ्ट किया गया था। मुख्यमंत्री ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार सोमवार 23 अगस्त को अलीगढ़ में किया जाएगा। इस दिन सार्वजनिक अवकाश रहेगा। रविवार को कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर विधानभवन में और इसके बाद भाजपा कार्यालय में दर्शन के लिए रखा जाएगा। दोपहर दो बजे उनका पार्थिव शरीर अलीगढ़ ले जाया जाएगा जहां 23 अगस्त को गंगा किनारे अंत्येष्टि होगी।
लाइव अपडेट्स :
-कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए पीएम मोदी पहुंचे लखनऊ एयरपोर्ट
-कल्याण सिंह के आवास पर प्रधानमंत्री मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आने को लेकर तैयारियां तेज।
आज लखनऊ जाकर श्री कल्याण सिंह जी के अंतिम दर्शन करूँगा।
— Rajnath Singh (@rajnathsingh) August 22, 2021
–प्रधानमंत्री मोदी 9:30 पर लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से माल एवेन्यू की स्थित कल्याण सिंह के आवास पहुंचकर उनके अंतिम दर्शन करके उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे।
-कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए बीएसपी सुप्रीमो मायावती उनके निवास पर पहुंचीं। मायावती ने कहा कि कल्याण सिंह ने कड़ी लड़ाई लड़ी। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाए हैं।
-कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर कुछ देर में विधानसभा लाया जाएगा
-विधानसभा अध्यक्ष पहुंचे कल्याण के आवास, अर्पित की श्रद्धांजलि।
-कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह सहित कई नेताओं के लखनऊ पहुंच रहे हैं।
कल्याण से ये लोग मिले
एक अगस्त: गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
21 जुलाई: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
आठ जुलाई: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा
20 जुलाई: राज्यपाल आनंदी बेन पटेल
4, 8, 18, जुलाई, एक अगस्त, 20 और 21 अगस्त: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
28 जुलाई: मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती
12 जुलाई: कैबिनेट मंत्री स्मृति ईरानी
22 जुलाई: विधान सभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित
9 जुलाई: भाजपा के वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन
संपूर्ण राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति: योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल्याण सिंह के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि समाज, कल्याण सिंह को उनके युगांतरकारी निर्णयों, कर्तव्यनिष्ठा व शुचितापूर्ण जीवन के लिए सदियों तक स्मरण करते हुए प्रेरित होता रहेगा। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोक-संतप्त परिजनों को दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें। राजनीति में शुचिता, पारदर्शिता व जन सेवा के पर्याय, अप्रतिम संगठनकर्ता एवं लोकप्रिय जननेता आदरणीय कल्याण सिंह का देहावसान संपूर्ण राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जननेता के तौर पर उन्होंने आदर्श प्रस्तुत किया। राम मंदिर आंदोलन के वह अग्रणी नेता थे। उन्होंने हाशिए पर खड़े समाज के करोडों लोगों को आवाज दी।







