भारत-चीन के बीच सीमा विवाद को लेकर जारी तनाव पर सरकार ने गुरुवार को कहा कि चीन तुरंत शांति की बहाली करे। विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘हम चीनी पक्ष से सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और अमन की बहाली अविलंब सुनिश्चित करने और गंभीरता से इसका अनुसरण करने की उम्मीद करते हैं।’
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने कहा, ‘भारत और चीन के वरिष्ठ कमांडरों की ताजा बैठक में हुई चर्चा वास्तविक नियंत्रण रेखा के पास तनाव कम करने के दोनों पक्षों की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।’
पिछले दिनों सरकार द्वारा बैन की गईं टिकटॉक समेत 59 चीनी ऐप्स पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि भारत में संबंधित मंत्रालयों और विभागों द्वारा जारी किए गए हमारे नियमों और विनियमों का पालन करना पड़ता है। यह डाटा सुरक्षा और व्यक्तिगत डाटा की गोपनीयता से संबंधित हैं।
उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कराची में पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज पर हुए हमले का भी जिक्र किया। अनुराग श्रीवास्तव ने कहा, ‘कराची में हुए आतंकवादी हमले को लेकर की गई बेतुकी टिप्पणियों को भारत खारिज करता है। पाकिस्तान अपनी घरेलू समस्याओं के लिए भारत पर दोषारोपण नहीं कर सकता।’
We expect the Chinese side to sincerely follow up and ensure expeditious restoration of peace and tranquillity in border areas as per bilateral agreements and protocols: Anurag Srivastava, Ministry of External Affairs Spokesperson pic.twitter.com/uBYOGwL1rv
— ANI (@ANI) July 2, 2020
बता दें कि भारत और चीन के बीच पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में 15 जून को हिंसक झड़प हो गई थी। दोनों देश के सैनिकों ने एक दूसरे पर डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया था। इस घटना में भारत के 20 सैनिक शहीद हो गए थे, जबकि चीन के कई भी सैनिक मारे गए थे। इस घटना के बाद से ही दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर है।







