उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले यूपी सरकार अपने कैबिनेट का विस्तार करने जा रही है। प्रदेश में सीएम योगी आदित्‍यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार आज शाम होगा। इसके साथ ही लंबे समय से मंत्रिमंडल के विस्तार की अटकलों को अब विराम मिल गया। राजभवन से मिली सूचना के अनुसार रविवार शाम साढ़े पांच बजे मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा और शपथ ग्रहण कार्यक्रम राजभवन के गांधी सभागार में होगा।

हाल ही में कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए जितिन प्रसाद के अलावा पलटू राम, संजय गौड़, संगीता बिंद, दिनेश खटिक, धर्मवीर प्रजापति और छत्रपाल गंगवार मंत्री पद की शपथ लेंगे। यही नहीं कुछ मंत्रियों को बाहर किए जाने की भी खबर है। आगको बता दें कि मौजूदा समय में राज्य सरकार में मुख्यमंत्री समेत 23 कैबिनेट मंत्री, नौ स्‍वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और 21 राज्य मंत्री हैं। राज्य विधानसभा में सदस्‍यों की संख्‍या 403 होने की वजह से नियमानुसार 60 मंत्री बनाए जा सकते हैं, लेकिन मौजूदा समय में सिर्फ 53 मंत्री हैं और सात पद खाली हैं। उत्तर प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना केंद्रीय मंत्रिमंडल में विस्तार व फेरबदल के बाद से ही बढ़ गई थी।

बीते 8 जुलाई को हुए केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार में यूपी को खास तवज्जो दी गई थी। जिसमें जातीय गणित पर साधने का प्रयास किया गया था। यूपी से बनाए गए सात नए मंत्रियों में चार ओबीसी, दो दलित और एक ब्राह्मण समाज के थे। मोदी के कैबिनेट में यूपी का मजबूत प्रतिनिधित्व है। यह पहली बार है जब केंद्रीय कैबिनेट में यूपी से रिकॉर्ड 15 मंत्री बनाए गए हैं।

भाजपा यूपी चुनाव को पूरी गंभीरता से ले रही है। पार्टी ने बूथों को मजबूत करने का अभियान शुरू कर दिया है। वहीं, चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी यूपी में तीन दिन प्रवास किया और चुनावी तैयारियों पर चर्चा की। सीएम योगी आदित्यनाथ ने दावा किया है कि 2022 के चुनाव में भाजपा यूपी में 350 सीटें जीतकर सरकार बनाएगी। वहीं, सपा ने 400 विधानसभा सीटें जीतने की बात कही है।



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here