दो सिलेंडर वाला एलपीजी कनेक्शन (डीबीसी) पाने के लिए अब आपको गैस एजेंसी के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अगर आप इंडेन का सिलेंडर इस्तेमाल कर रहे हैं और चाहते हैं कि इमरजेंसी के लिए एक अतिरिक्त सिलेंडर भी रहे तो आपका डिलीवरी ब्वाय आपके घर पर ही दो सिलेंडर वाले कनेक्शन में तब्दील करने का विकल्प देगा। इसमें आप चाहें तो 14.2 किलो के सिलेंडर के बजाए 5 किलो के सिलेंडर का भी विकल्प चुन सकते हैं।

नए कनेक्शन के लिए 8454955555 नंबर पर मिस्ड कॉल करें

सार्वजनिक क्षेत्र की इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) से एलपीजी कनेक्शन चाहिए तो आपको बस- 8454955555 नंबर पर मिस्ड कॉल देना होगा। इसके साथ ही मौजूदा ग्राहक पंजीकृत फोन नंबर के जरिये ‘मिस्ड कॉल देकर एलपीजी सिलेंडर भराने की बुकिंग कर सकते हैं। आईओसी के चेयरमैन एस एम वैद्य ने सोमवार को देश में कहीं भी नए एलपीजी कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए ‘मिस्ड कॉल सेवा शुरू की। कंपनी के सोमवार को जारी बयान के अनुसार उन्होंने ग्राहकों के लिए उनके घर पर दो सिलेंडर वाला कनेक्शन (डीबीसी) उपलब्ध कराने की सुविधा का भी उद्घाटन किया।

5 किलो के सिलेंडर का भी विकल्प

इस पहल के तहत, जिन ग्राहकों के पास एक सिलेंडर कनेक्शन है, उन्हें डिलिवरी करने वाले कर्मी दो सिलेंडर वाले कनेक्शन में तब्दील करने का विकल्प देंगे। इसमें रूचि रखने वाले ग्राहक जरूरत के समय उपयोग के लिए 14.2 किलो के सिलेंडर के बजाए 5 किलो के सिलेंडर का भी विकल्प चुन सकते हैं। बयान के अनुसार, ”आईओसी ने सभी घरेलू ग्राहकों को नए एलपीजी कनेक्शन का लाभ उठाने के लिए अपनी मिस्ड कॉल सुविधा का विस्तार किया है। देश भर के संभावित ग्राहक नया कनेक्शन लेने के लिए- 8454955555 पर मिस्ड कॉल दे सकते हैं।   वर्तमान में, आईओसी यह सुविधा प्रदान करने वाली एकमात्र तेल विपणन कंपनी है। 

यह भी पढ़ें: Gold Price: सोने-चांदी के भाव औंधेमुंह गिरे, अपने ऑल टाइम हाई से 9729  रुपये सस्ता हो चुका है Gold, चांदी भी 9281 रुपये टूटी

देश भर के ग्राहकों के लिए पहल शुरू करते हुए, वैद्य ने कहा, ”सबसे व्यापक ग्राहक आधार वाली कंपनी के लिए, हमारा निरंतर प्रयास रहा है कि आज के अनुभव को कल के अनुभव से बेहतर बनाना है। हम लगातार प्रौद्योगिकी का उपयोग कर इंडेन ग्राहकों के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं की पेशकश कर रहे हैं।देश भर में गैस सिलेंडर भराने की बुकिंग और चुनिंदा बाजारों में नए कनेक्शन के लिए मिस्ड कॉल की सुविधा जनवरी 2021 में शुरू की गई थी।  इस पहल से ग्राहकों के लिए समय की बचत होगी और नए कनेक्शन के लिये पंजीकरण करना सरल तथा बिना किसी खर्च के होगा।

अमेजन और पेटीएम के जरिये भी बुकिंग और भुगतान

उन्होंने कहा, ”इससे खासकर बुजुर्ग ग्राहकों और गांव में रहने वाले लोगों को लाभ होगा। ग्राहक भारत बिल भुगतान प्रणाली (बीबीपीएस), इंडियन ऑयल वन ऐप या पोर्टल https://cx.indianoil.in के माध्यम से एलपीजी भराने के लिए बुकिंग और भुगतान कर सकते हैं। बयान के अनुसार ग्राहक व्हाट्सऐप (7588888824), एसएमएस/आईवीआरएस (7718955555), या यहां तक ​​कि एलेक्सा के माध्यम से अमेजन और पेटीएम के जरिये भी गैस भराने की बुकिंग और भुगतान कर सकते हैं।



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here