शेयर बाजार में लगातार 6 दिनों से चली आ रही मजूबत शुरुआत पर आज ब्रेक लग गया। शेयर बाजार आज गिरावट के साथ खुले। 30 शेयरों वाला बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स आज 37 अंकों के नुकसान के साथ 34072 के स्तर पर खुला तो वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी आज दिन के कारोबार की शुरुआत लाल निशान के साथ की। चंद मिनट बाद ही सेंसेक्स और निफ्टी दोनों हरे निशान पर आ गए। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 117.65 अंकों की बढ़त के साथ 34,227.19 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी भी 40 अंकों की बढ़त के साथ 10120 पर था। इससे पहले लगातार छह कारोबारी दिन को शेयर बाजार मजबूती के साथ बंद हुआ।
9:25 बजे: अगर सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी एफएमसीजी, पीएसयू बैंक, निफ्टी बैंक, निफ्टी ऑटो, फाइनेंशियल सर्विसेज, मीडिया, प्रइवेट बैंक, रियलिटी, फार्मा, आईटी और मेटल हरे निशान पर कारोबार कर रहे हैं। वहीं निफ्टी टॉप गेनर में वेदांता,TECHM, यूपीएल, टाटा मोटर्स, पावरग्रिड जैसे स्टॉक हैं।
बुधवार को सेंसेक्स 284 अंकों की बढ़त के बाद 34,109.54 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं 10,176.20 का स्तर देखने वाला निफ्टी महज 82.45 अंक चढ़कर 10,061.55 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं इकोनॉमी खुलने से अमेरिकी बाजार बुधवार को जोश में दिखे। अमेरिकी बाजार बुधवार को शानदार मजबूती के साथ बंद हुए थे। डाऊजोंस में 525 अंक का उछला देखने को मिला था।
जियो प्लेटफॉर्म्स में जादू होल्डिंग्स के माध्यम से हिस्सेदारी खरीदेगी फेसबुक
जियो प्लेटफॉर्म्स में फेसबुक 9.9 प्रतिशत हिस्सेदारी अपनी एक नयी इकाई जादू होल्डिंग्स के माध्यम से खरीद रही है। फेसबुक ने पिछले महीने ही जियो प्लेटफॉर्म्स में इस निवेश की घोषणा की थी। फेसबुक ने अप्रैल में कहा था कि वह 5.7 अरब डॉलर (43,574 करोड़ रुपये) के निवेश से जियो प्लेटफॉर्म्स में 9.9 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदेगा।







