महाराष्ट्र की राजनीति में यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि बीजेपी, राज ठाकरे की महाराष्ट्र नव निर्माण सेना से हाथ मिला लेगी। इससे जुड़े सवालों को लेकर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने मीडिया को सीधा जवाब नहीं दिया। चंद्रकांत पाटिल गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात के लिए दिल्ली में है। देवेंद्र फडणवीस ने बीजेपी के एमएनएस के साथ जाने के मुद्दे पर पत्रकारों से कहा कि भगवा पार्टी सिर्फ एक इंजन के साथ साल 2024 के आम चुनाव में उतरेगी।

यहां आपको बता दें कि रेलवे इंजन महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की चुनाह चिह्न भी है। पुणे में पत्रकारों से बातचीत करते हुए देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ‘एमएनएस के साथ चुनाव से पहले गठबंधन को लेकर चंद्रकांत पाटिल पहले ही अपनी स्थिति साफ कर चुके हैं। साल 2024 के चुनाव में बीजेपी सिर्फ एक इंजन के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी।’ हालांकि, देवेंद्र फडणवीस ने यह साफ नहीं किया कि उनकी पार्टी राज ठाकरे के साथ जाएगी या फिर अकेले ही आम चुनावों में उतरेगी। 

महाराष्ट्र बीजेपी को लेकर इस बात के भी कयास लगा जा रहे थे कि बीजेपी जल्द ही चंद्रकांत पाटिल की जगह किसी अन्य नेता को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बना सकती है। इसेस जुड़े एक सवाल के जवाब में फडणवीस ने कहा कि ‘चंद्रकांत पाटिल के नेतृत्व में पार्टी राज्य में बेहतर काम कर रही है। राज्य के सभी नेता उनके साथ हैं। प्रदेश अध्यक्ष के चेहरे को बदले जाने को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई है।’

इससे पहले शुक्रवार को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे के मुंबई स्थित घर पर चंद्रकांत पाटिल की मुलाकात हुई थी। इस मुलाकात के बाद पाटिल ने कहा था कि ‘इस मीटिंग में गठबंधन को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। राज ठाकरे ने मुझसे कहा है कि मुंबई में रहने वाले गैर मराठियों से उन्हें कोई परहेज नहीं है। अभी भी हमारे बीच कुछ राजनीतिक विभिन्नताएं हैं और दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है।’

शनिवार को पाटिल ने दिल्ली में पत्रकारों से कहा कि ‘मैं यहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मिलकर राज ठाकरे से हुई बातचीत के बारे में बताने के लिए आया हूं। कोई भी निर्णय पार्टी के वरिष्ठ नेता ही लेंगे।’ चंद्रकांत पाटिल से पहले देवेंद्र फडणवीस और मुंबई बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष आशीष शेलार ने केंद्रीय मंत्री अमित शाह और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ अलग से मुलाकात की थी। हालांकि इन बैठकों के बारे में पूछे जाने पर चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि यह सामान्य बात है कि पार्टी नेता दिल्ली आकर अलग-अलग वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करें। पाटिल के साथ राम शिंदे, जयकुमार रावल, श्रीकांत भारतीय और संजय कुट्टे भी मौजूद थे। 

संबंधित खबरें



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here