मध्य प्रदेश में अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हैं इसकी बानगी भिंड में दिखी है। जिले में मुख्यमंत्री के दौरे से ठीक पहले सदर कोतवाली थाना क्षेत्र से 28 वर्षीय एक दुकानदार का अपहरण कर लिया गया। पुलिस की वर्दी पहने आए गुंडों ने दिनदहाड़े दुकानदार को उठा लिया।  

चंबल रेंज के पुलिस महानिरीक्षक मनोज शर्मा ने रविवार को बताया कि वीरेंद्र नगर मोहल्ले के निवासी प्रेम किशोर गुप्ता का शनिवार शाम करीब 5 बजे आंध्रा बैंक के सामने से चार लोगों ने अपहरण कर लिया। उन्होंने कहा कि घटना के वक्त गुप्ता बाजार से अपनी मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। जैसे ही वह आंध्रा बैंक के सामने पहुंचे, वहां पर चार पहिया वाहन खड़ी कर पुलिस की वर्दी पहने इन आरोपियों ने उसका रास्ता रोका और उसके साथ हाथापाई की।

शर्मा ने बताया कि बाद में आरोपियों ने गुप्ता को जबरदस्ती चार पहिया वाहन में बिठाया और उसका अपहरण कर लिया। उन्होंने कहा कि घटना के बाद उसके परिजनों ने सिटी कोतवाली पुलिस थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया है।

शर्मा ने बताया कि गुप्ता के अपहरणकर्ताओं को पकड़ने और उसे उनके चंगुल से छुड़ाने के लिए भिंड जिले में पुलिस सघन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अभी तक कोई गिरफ्तार नहीं हुई है। वहीं, इस घटना से शहर में आम व्यापारियों के बीच आक्रोश है। यह घटना इसलिए भी अधिक चौंकाने वाली है कि पूरा सरकारी अमला जिले में अलर्ट पर था।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को भिंड के गोहद में 482 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इस दौरान उनके साथ ज्योतिरादित्य सिंधिया, राज्य के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा सहित कई मंत्री और विधायक मौजूद थे।
 





Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here