रांची
आईपीएल (IPL) में कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) के खिलाफ खराब प्रदर्शन करने पर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) के खिलाफ सोशल मीडिया पर भद्दे कमेंट्स और परिवार को धमकी दिये जाने का मामला सामने आया है। जिसके बाद रांची (Ranchi) के सिमलिया रिंग रोड स्थित धोनी के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है।

सोशल मीडिया पर विजय नाम के एक सिरफिरे की ओर से मिली धमकी के बाद अभी तक पुलिस में औपचारिक रूप से कोई शिकायत नहीं दर्ज करायी है, लेकिन मीडिया में खबर सुर्खियों में रहने के बाद रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके आवास के बाहर सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती कर की गयी है, वहीं आसपास के इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गयी है।

धोनी के रांची के हरमू और सिमलिया स्थित दोनों आवास की सुरक्षा बढ़ाई गई
रांची के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक नौशाद आलम ने बताया कि जैसे ही सोशल साइट्स इंस्टाग्राम पर यह धमकी ट्रेंड करने की खबर मिली, एमएस धोनी के रांची के हरमू और सिमलिया स्थित दोनों आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। उन्होंने बताया कि पहले ही धोनी के आवास की सुरक्षा की गयी थी और धमकी के बाद सुरक्षा बढ़ाने का निर्णय लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर टेक्निकल टीम भी आरोपी की शिनाख्त की कोशिश में जुट गयी है, जल्द ही धमकी देने वाले सिरफिरे की भी गिरफ्तारी सुनिश्चित होगी।

अधिकारियों ने सुरक्षाकर्मी को कड़े निर्देश
इधर, रांची में सिमलिया स्थित एमएस धोनी के आवास ‘विला हाउस’ के बाहर सुरक्षा में तैनात एक पुलिस कर्मी ने बताया कि वरीय अधिकारियों की ओर से यह निर्देश दिया गया है कि आसपास के ईद-गिर्द किसी भी असामाजिक तत्व को भटकने नहीं दिया और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के पाये जाने की स्थिति में उसे पकड़कर स्थानीय थाने को सुपुर्द करने का निर्देश दिया गया है।

झारखंड स्टेट किक्रेट एसोसिएशन ने की धमकी की कड़ी निंदा
इधर, सोशल मीडिया पर रांची के युवराज महेंद्र सिंह धोनी की बेटी जीवा को लेकर की गई गंदी टिप्पणी और दी गयी धमकी पर झारखंड स्टेट किक्रेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने कड़ी निंदा व्यक्त किया है। शाहदेव कहा है कि वर्तमान में सोशल मीडिया काफी जहरीली हो चुकी है। बददिमाग लोग किसी पर भी बिना सोचे समझे कीचड़ उछालने और अमर्यादित टिप्पणी करने से बाज नहीं आते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को यह नहीं भुलना चाहिए कि क्रिकेट एक खेल है और इसे मनोरंजन के तौर पर लेना चाहिए लेकिन लोग यह भूल कर मर्यादाओं को ताक पर रख देते हैं।

शाहदेव ने कहा कि झारखंड के माही ने अनेक अवसरों पर क्रिकेट के रणभूमि में पुरे भारत का सिर गर्व से ऊंचा किया है और ऐसे में उनपर या उनकी बेटी पर की जा रही गंदी टिप्पणियां को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फेसबुक और ट्विटर को गंदी और भद्दी टिप्पणी पर रोक लगाने के लिए गंभीर होना चाहिए और अत्यंत सख्त मापदंड बनाने चाहिए। उन्होंने कहा कि कैप्टन कूल और उनकी बेटी जीवा पर की गई टिप्पणी बर्दाश्त योग्य नहीं हैं, टिप्पणी करने वाले पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। जेएससीए के उपाध्यक्ष ने कहा कि केन्द्र सरकार को सोशल मीडिया पर की जा रही अत्यंत भद्दी टिप्पणी, गंदी गालियां, झुठी सूचनाएं और धमकियों को रोकने के लिए अत्यंत कठोर कानून बनाना होगा, तभी ऐसी हरकतें पर अंकुश लग पाएगा।



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here