नई दिल्ली
कृषि बिल पर चर्चा के दौरान हंगामा करने के आरोप में राज्‍यसभा से निलंबित हुए आठ सांसदों के मुद्दे पर घमासान लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को लोकसभा में राज्यसभा सांसदों के निलंबन का मुद्दा उठा, जिसमें कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया। विपक्षी दलों के वॉकआउट के बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने विपक्षी दलों के सांसदों के साथ एक बैठक की। दूसरी ओर कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी और एनसीपी सांसद सुप्रिया सूले समेत विपक्षी पार्टियों के सांसदों ने संसद भवन परिसर में ही पूरे मामले को लेकर एक बैठक की है, जिसमें आगे की रणनीति पर चर्चा हुई।

अधीर रंजन बोले- राज्यसभा और लोकसभा जुड़वा भाइयों की तरह
कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने मंगलवार को लोकसभा में राज्यसभा के निलंबित सांसदों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, ‘राज्यसभा और लोकसभा जुड़वा भाइयों की तरह हैं…अगर कोई दुःख में होता है, तो दूसरे को संभालना पड़ता है। हमारा मुद्दा कृषि बिल से संबंधित है, हम चाहते हैं कि इसे वापस लिया जाए। अगर कृषिमंत्री नरेंद्र तोमर इसे वापस लेने के लिए सहमत होते हैं, तो हमें सत्र जारी रखने में कोई समस्या नहीं है।’

‘दूसरे सदन में क्या कहा होता है, इसकी चर्चा कभी नहीं हुई’
वहीं, संसदीय कार्यमंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा कि दूसरे सदन में क्या होता है, इसकी चर्चा इस सदन में कभी नहीं हुई। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि अब इस पर चर्चा की जा रही है। उपसभापति की पिटाई करने की हद तक ये लोग गए, पर मैं इसकी चर्चा यहां नहीं करना चाहता। जिसके बाद कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्ष ने सदन से वॉकआउट का फैसला ले लिया।

कृषि मंत्री ने कहा- कांग्रेस के दांत खाने के और, दिखाने के और
इस दौरान कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर ने कहा कि कांग्रेस के दांत खाने के और हैं, दिखाने के और हैं। वो सदन में कुछ और कहते हैं और बाहर कुछ और कहते हैं। विरोध करने वाले किसान नहीं हैं, वे कांग्रेस से संबंधित हैं, राष्ट्र यह जानता है। सुधार से किसानों को मदद मिलेगी और उनकी आय को बढ़ावा मिलेगा। कांग्रेस ने अपने शासन काल में स्वामीनाथ अय्यर आयोग की सिफारिशों को लागू नहीं किया। पीएम मोदी की सरकार ने उनकी सिफारिशें मानीं।

वॉकआउट के बाद विपक्षी सांसदों के साथ स्पीकर ने की बैठक
कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी सांसदों के वॉकआउट के बाद लोकसभा स्पीकर ने उनके साथ बैठक की है। इस बैठक में कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी, एनसीपी से सुप्रिया सुले समेत दूसरे सदस्य शामिल हुए हैं। इससे पहले राज्‍यसभा से निलंबित आठों सांसद संसद परिसर में ही बैठे हैं। सोमवार रातभर वो संसद परिसर में गांधी प्रतिमा के सामने ही धरने पर बैठे हैं। उन्‍हें सभापति वेंकैया नायडू ने रविवार को सदन में हंगामा करने और उपसभापति से बदसलूकी के लिए सस्‍पेंड किया था।

राज्यसबा के निलंबित सांसद धरने पर
सोमवार दोपहर से धरना दे रहे सांसदों से मिलने मंगलवार सुबह खुद डिप्‍टी चेयरमैन हरिवंश पहुंच गए। वह अपने साथ एक झोला लाए थे जिसमें सांसदों के लिए चाय थी। हरिवंश ने अपने हाथों से चाय निकाली। हालांकि विपक्षी सांसदों ने चाय पीने से इनकार कर दिया।उन्‍होंने उन सांसदों से बेहद गर्मजोशी से बात की, जिनमें से कुछ का व्‍यवहार रविवार को उनके प्रति ठीक नहीं था।



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here