Ram Mandir Bhumi Pujan Live: अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर देशवासियों की 492 साल की प्रतीक्षा आज (बुधवार) खत्म होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निर्धारित मुहूर्त में भूमि पूजन के साथ मंदिर निर्माण की आधारशिला का भी पूजन करेंगे। यह आधारशिलाएं नौ प्रस्तर खंडों में होंगी। इनमें नंदा, भद्रा, जया, रिक्ता, पूर्णा, अजिता, अपराजिता, शुक्ला व सौभाग्यनी शामिल हैं। पूजन के बाद इन शिलाओं को राम मंदिर में सुरक्षित रखा जाएगा। पुन: नींव के लिए गर्भगृह का गहराई में उत्खनन होने पर रामलला के सिंहासन के ठीक नीचे इन्हें रखवाया जाएगा। आजादी के बाद  नरेंद्र मोदी पहले प्रधानमंत्री होंगे जो रामजन्मभूमि पहुंचेंगे। मोदी के मिनट टू मिनट कार्यक्रम के अनुसार वह पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे साकेत महाविद्यालय के ग्राउंड पर विमान से उतरेंगे और सीधे हनुमानगढ़ी दर्शन करने जाएंगे। वे बजरंगबली का आशीर्वाद लेकर बहुप्रतीक्षित राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करेंगे। इसके साथ उसी परिसर में दुर्लभ परिजात का पौधरोपण करेंगे। 

पढ़ें, Ayodhya Ram Mandir Bhumi Pujan Live Updates:

भविष्य के साक्ष्य के लिए पूजित ताम्र शिला भी रखी जाएगी। ढाई  गुना डेढ़ फुट के इस आयताकार ताम्र पत्र का अनावण भी प्रधानमंत्री मोदी करेंगे। इस ताम्र पत्र पर भूमि पूजन के आमंत्रण पत्र की इबारत को ही उत्कीर्ण कराया 
गया है। 

जानकारी के मुताबिक, रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को लगातार प्राप्त हो रही रजत शिलाएं नींव में नहीं रखी जाएंगी। इन शिलाओं को भविष्य में मंदिर के गर्भगृह के चौखट इत्यादि में उपयोग किया जाएगा।

रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र को नींव में रखने के लिए दो कुंतल से अधिक चांदी दान में प्राप्त हुई है। यह सिलसिला अभी थमा नही है। 

राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बहुमूल्य धातुओं के बजाए धनराशि दान की अपील की है। कहा गया कि बहुमूल्य धातुओं को रखने के लिए अभी सुरक्षित स्थान नहीं है।

पीएम मोदी दीप प्रज्जवलित कर भूमि पूजन समारोह का शुभारंभ करेंगे और सदियों के संघर्ष में अपने प्राणों की आहुति देने वाले हुतात्माओं को श्रद्धांजलि देंगे। 

इस अवसर पर प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग की ओर से रामायण महाकोश पर आधारित डाक टिकट का  अनावरण करेंगे। इससे पहले वह लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर उतरेंगे वहां से हेलीकाप्टर के जरिये अयोध्या पहुंचेंगे।





Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here