हाइलाइट्स:
- सिंगापुर सॉवरेन वेल्थ फंड GIC 5512.5 करोड़ रुपये निवेश करेगी
- इसके बदले उसे आरआरवीएल में 1.22 फीसदी हिस्सेदारी मिलेगी
- ग्लोबल इनवेस्टमेंट फर्म TPG Capital का निवेश 1838.7 करोड़ रुपये
- रिलायंस रीटेल अब तक जुटा चुकी है 32 हजार करोड़ रुपये
भारत और एशिया के सबसे अमीर शख्स मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) के रीटेल कारोबार में एक के बाद एक निवेशों की झड़ी लग गई है। सिंगापुर सॉवरेन वेल्थ फंड GIC और ग्लोबल इनवेस्टमेंट फर्म TPG Capital ने रिलायंस रीटेल वेंचर्स लिमिटेड (RRVL) में 1 अरब डॉलर (7350 करोड़ रुपये) निवेश करने जा रही हैं। जीआईसी 5512.5 करोड़ रुपये निवेश करेगी और इसके बदले उसे आरआरवीएल में 1.22 फीसदी हिस्सेदारी मिलेगी।
दूसरी ओर टीपीजी 1838.7 करोड़ रुपये निवेश करेगी और इसके बदले में कंपनी को आरआरवीएल में 0.41 फीसदी हिस्सेदारी मिलेगी। इन सौदों के लिए आरआरवीएल की प्री-मनी इक्विटी वैल्यू 4.285 लाख करोड़ रुपये आंकी गई। टीपीजी का रिलायंस में यह दूसरा निवेश है। इससे पहले उसने जियो प्लेटफॉर्म्स में 4,546.8 करोड़ रुपये का निवेश करने की घोषणा की थी।
कुल निवेश 32 हजार करोड़ के पार
जियो प्लेटफॉर्म्स के लिए फंड जुटाने के बाद मुकेश अंबानी का जोर रीटेल कारोबार पर है। इसके लिए वह अब तक विदेशी निवेशकों से 32 हजार करोड़ रुपये से अधिक निवेश जुटा चुके हैं। इससे पहले केकेआर एंड कंपनी, अबु धाबी स्टेट फंड मुबाडला और सिल्वर लेक पार्टनर्स इसमें निवेश की घोषणा कर चुके हैं। रिलायंस रीटेल लिमिडेट RRVL की सहायक कंपनी है और पूरे देश में 12,000 स्टोर्स का संचालन करती है।
Petrol Diesel Price: दो दिन की गिरावट के बाद आज रही शांति
इस महीने की शुरुआत में दुनिया की दिग्गज टेक इन्वेस्टर कंपनी सिल्वर लेक ने भी रिलायंस रीटेल में 7500 करोड़ रुपये निवेश करने का ऐलान किया था। हाल में उसने रिलायंस रीटेल में अतिरिक्त 1,875 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इस तरह सिल्वर लेक रिलायंस रीटेल में कुल 9,375 करोड़ रुपये का निवेश करेगी और इसके बदले उसे 2.13 फीसदी हिस्सेदारी मिलेगी।
अमेरिकी कंपनी KKR ने भी Reliance Retail में 1.75 फीसदी हिस्सेदारी 5550 करोड़ रुपये में खरीदी है। बुधवार को इक्विटी फर्म GENERAL ATLANTIC ने कंपनी में 0.84 फीसदी हिस्सेदारी 3,675 करोड़ रुपये में खरीदने का फैसला किया था। अबू धाबी की मुबाडला इंवेस्टमेंट कंपनी 1.40 फीसदी इक्विटी के लिए आरआरवीएल में 6247.5 करोड़ रुपये निवेश करेगी।







