राष्ट्रीय जनता दल के नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने कहा है कि अगर सीएम बनना होता तो अपना ईमान बेचकर भाजपा से हाथ मिलाकर मुख्यमंत्री बन जाते। लेकिन हमने ऐसा नहीं किया। एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राजद एक मात्र क्षेत्रीय पार्टी है, जिसने भाजपा और आरएसएस से आज तक समझौता नहीं किया। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री ने अपने पिता का जिक्र करते हुए कहा कि लालू जी ने हमेशा भाजपा और आरएसएस के खिलाफ लड़ाई लड़ी है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि लालू जी ने हमेशा आरएसएस और बीजेपी के खिलाफ लड़ाई लड़ी, लेकिन उन्होंने कभी समझौता नहीं किया। आज उसी की सजा वो भुगत रहे हैं। अगर हमको खाली मुख्यमंत्री ही बनना होता तो अपना ईमान बेच कर भाजपा से हाथ मिलाकर मुख्यमंत्री नहीं बन जाते। लेकिन हमने ऐसा नहीं किया क्योंकि सांप्रदायिक शक्तियां देश को बर्बाद कर रही हैं। असल मुद्दों से भटका रही हैं। तेजस्वी ने कहा कि बीजेपी सबसे ज्यादा अगर किसी से डरती है, तो वह लालू यादव ही हैं।
RJD ऐसी क्षेत्रिय पार्टी है, जिसने भाजपा और RSS से आज तक समझौता नहीं किया। लालू जी ने हमेशा लड़ाई लड़ी है। हमको सिर्फ मुख्यमंत्री ही बनना होता, अपना ईमान बेचकर तो भाजपा से हाथ मिलाकर मुख्यमंत्री नहीं बन जाते : तेजस्वी यादव, RJD #BiharElections pic.twitter.com/4vB49O13tX
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 18, 2020
तेजस्वी ने कहा कि कुछ लोग ऐसे हैं जो उम्मीदवार के धर्म के नाम पर, जाति के नाम और संप्रदाय के नाम पर वोट मांगेंगे। लेकिन असल मुद्दा ये नहीं है। असल मुद्दा है रोजगार, अच्छी शिक्षा, अमन और चैन। हम तो हर जाति, धर्म और संप्रदाय को साथ लेकर चलेंगे और उनका सम्मान करेंगे। तेजस्वी यादव ने कहा कि हमको एक मौका दीजिए और हम हर वादे पर खरे उतरेंगे।
गया के शेरघाटी में रविवार को एक रैली को संबोधित कर रहे तेजस्वी ने कहा कि इस चुनाव में कई वोटकटवा पार्टी भी लड़ रही है। वो एक सीट भी नहीं जीत सकते। अगर जीत गए तो बीजेपी कब खरीद लेगी, अगर खरीदी नहीं तो उठा लेगी। बीजेपी वालों ने एक साल में दो करोड़ नौकरी का वादा किया था। हम तो 10 लाख की बात कर रहे हैं और जब चाहें तब दे सकते हैं। तेजस्वी ने एक बार फिर कहा कि अगर हमसे कोई गलती हुई होगी तो उसे माफ कर दीजिए और ऊपर के लिए देखिए।
राजद नेता ने कहा कि कुछ अच्छा करने के लिए कुर्बानी देना पड़ता है। अगर आप हमारी सरकार बनाइएगा तो ये हमारी जिम्मेदारी है कि हम वादों को पूरा करें। लेकिन विपक्ष में रहकर क्या कर सकते हैं? अगर कोई नाराजगी है तो वो छोटी बात है। हम तो पूरे राज्य की जनता की सोच रहे हैं। हम लोग जोड़ने वाले लोग हैं, तोड़ने की बात नहीं करेंगे। नीतीश जी ने हमें धोखा दिया है, आपको भूलना नहीं है।







