स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के मजबूत तिमाही नतीजों के बाद शुक्रवार को बैंक के शेयरों ने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर 549 रुपये के अपने 52 हफ्ते के हाई को छुआ है। हालांकि, उसके बाद से बैंकिंग स्टॉक थोड़े ‘दबाव’ में हैं। लेकिन, मार्केट एक्सपर्ट्स पब्लिक सेक्टर बैंक पर काफी बुलिश हैं। इसी तरह, प्राइवेट सेक्टर के ICICI बैंक के तिमाही नतीजे मजबूत रहे हैं। हालांकि, अभी ICICI बैंक के शेयर अपने 867 रुपये के 52 हफ्ते के हाई से करीब 85 रुपये नीचे हैं।
मार्केट एक्सपर्ट्स का SBI पर दांव
स्टॉक मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि दोनों ही बैंकिंग स्टॉक्स (SBI और ICICI बैंक) के तीसरी तिमाही के नतीजे मजबूत रहे हैं और आने वाले ट्रेडिंग सेशंस में स्टॉक्स में तेजी देखने को मिलेगी। हालांकि, जब एक्सपर्ट्स से इन दोनों स्टॉक में से कोई एक चुनने के बारे में पूछा गया तो खरीदने के लिए PSU बैंकिंग स्टॉक उनका फेवरिट रहा। हाल ही में पेश किए गए बजट 2022 में इंफ्रास्ट्रक्चर पर काफी अधिक फोकस किया गया है और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) को इससे बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है।
650 रुपये के लॉन्ग टर्म टारगेट के साथ स्टॉक को करें होल्ड
प्रॉफिटमार्ट सिक्योरिटीज में रिसर्च के हेड अविनाश गोरक्षकर का कहना है, ‘एसबीआई और ICICI बैंक दोनों के ही दिसंबर 2021 तिमाही के नतीजे मजबूत रहे हैं। अनलॉक एक्टिविटीज के साथ ही दोनों बैंकों के बिजनेस वॉल्यूम में उछाल आने की उम्मीद है। हालांकि, इंफ्रा-फोकस्ड बजट 2022 के बाद SBI को क्रेडिट लाइन के लिए और डिमांड देखने को मिल सकती है, जिससे ICICI बैंक के मुकाबले PSU बैंक का बिजनेस वॉल्यूम बढ़ेगा।’ गोरक्षकर का कहना है कि इनवेस्टर्स को 650 रुपये के लॉन्ग टर्म टारगेट के साथ SBI के शेयरों को होल्ड करना चाहिए।
स्टॉक के लिए 580 रुपये का शॉर्ट टर्म टारगेट
च्वॉइस ब्रोकिंग के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर सुमित बागड़िया का कहना है, ‘चार्ट पैटर्न पर ICICI बैंक और SBI दोनों के ही स्टॉक पॉजिटिव नजर आ रहे हैं। कोई भी व्यक्ति 580 रुपये के शॉर्ट टर्म टारगेट के लिए SBI के शेयरों को मौजूदा स्तर पर खरीद सकता है। स्टॉक पर 520 रुपये का स्टॉप लॉस बनाए रखना चाहिए।’ उन्होंने कहा कि मीडियम टर्म में 600 रुपये के टारगेट के लिए स्टॉक को होल्ड किया जा सकता है। अगर ICICI बैंक के शेयरों की बात करें तो कोई भी व्यक्ति मौजूदा मार्केट प्राइस पर इस बैंकिंग स्टॉक को 800 से 820 रुपये तक के शॉर्ट-मीडियम टर्म टारगेट के लिए खरीद सकता है। स्टॉक पर 770 रुपये पर स्टॉप लॉस बनाए रखना चाहिए। सुमित बागड़िया भी SBI और ICICI बैंक में SBI के शेयरों को खरीदने की सलाह दे रहे हैं।







