आज सेंसेक्स 223.88 अंक की बढ़त के साथ 46,890.34 अंक के नए उच्चस्तर पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी 58 अंक के लाभ से 13,740.70 अंक के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ।
वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख और विदेशी मुद्रा प्रवाह जारी रहने से बंबई शेयर बाजार (बीएसई) में बृहस्पतिवार को कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स और निफ्टी मामूली बढ़त के साथ नये उच्चस्तर पर पहुंच गये। बीएसई सेंसेक्स में अच्छी पैठ रखने वाले रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक और एचडीएफसी लिमिटेड, आईसीआईसीआई बैंक और कुछ अन्य में बढ़त से बाजार सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ता दिखा।
कारोबार के सुबह के सत्र में सेंसेक्स 46,778.51 अंक के ऊंचे स्तर को छूने के बाद कुछ ही देर में नीचे आ गया और पिछले दिन के बंद के मुकाबले फिलहाल 32.27 अंक यानी 0.07 प्रतिशत ऊंचा रहकर 46,698.73 अंक पर रहा। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी सूचकांक कारोबार के शुरुआती दौर में 11 अंक यानी 0.08 प्रतिशत ऊंचा रहकर 13,693.70 अंक पर पहुंच गया। इससे पहले यह 13,713.55 अंक की ऊंचाई को छू चुका है।







