#South politics# South Super Star Vijay Thalapati# TVK# Strom in South politics# Next TN Assembly election# DMK# AIAdmk# CM MK Stalin# Taminnadu Politics#
दक्षिण भारत की राजनीति में एक और राजनीतिक पार्टी का उदय हो गया है। वैसे तो दक्षिण भारत में काफी क्षेत्रीय दल हैं जो क्षेत्रीय चुनावों में ताल ठोकते रहते हैं लेकिन बड़े दलो में डीएमके और एआईएएमके हैं जो कि राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाये हुए है। डीएमके की सरकार तमिलनाडु में सरकार है जिसके सीएम एमके स्टालिन हैं। साउथ के सुपर स्टार विजय ने भी अपनी एक पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम टीवीके बनायी है।
पिछले रविवार को उन्होंने अपनी पहली राजनीतिक रैली का आयोजन कर अपनी ताकत का अहसास करा दिया है। यह अन्य राजनीतिक दलों की धड़कनें बढा सकती है।
दक्षिण भारतीय फ़िल्मों के सुपरस्टार विजय ने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत कर दी हैं। उनकी पार्टी ‘तमिलगा वेत्री कड़गम’ (टीवीके) की पहली रैली तमिलनाडु के विल्लुपुरम ज़िले के विक्रवंडी में रविवार को हुई। बताया जा रहा कि पार्टी की पहली ही रैली में लाखों लोगों की भीड़ जुटी थी. पार्टी की पहली जनसभा में बड़ी संख्या में एक्टर विजय के समर्थक उन्हें सुनने के लिए पहुंचे थे।
कुछ पार्टियां लोगों को बांटने वाली राजनीति कर रही हैं
टीवीके की पहली जनसभा में विजय ने अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ पार्टियां लोगों को बांटने वाली राजनीति कर रही हैं, ऐसी पार्टियां वैचारिक स्तर पर हमारी दुश्मन हैं। इसके साथ ही विजय ने द्रविड़ मॉडल के नाम पर धोखाधड़ी करने की निंदा की और “एक परिवार पर राज्य को लूटने” का आरोप लगाया। विजय ने इसी साल फरवरी महीने में तमिलनाडु और पुडुचेरी में काम करने के लिए एक अलग राजनीतिक दल की स्थापना की थी। इसी साल अगस्त महीने में उन्होंने पार्टी का झंडा और चिन्ह भी लॉन्च किया था। टीवीके को चुनाव आयोग ने सितंबर महीने में आधिकारिक रूप से मान्यता दे दी है। इसके साथ ही पार्टी को चुनाव लड़ने की अनुमति भी मिल गई है। पार्टी को मान्यता मिलने के बाद विजय ने कहा था कि वो जल्द ही पार्टी की पहली जनसभा करेंगे।
पार्टी की विचारधारा पर क्या कहा?
रविवार का जनसभा में टीवीके की विचारधारा के बारे में बताते हुए एक्टर से राजनेता बने विजय ने कहा, “हम द्रविड़ राष्ट्रवाद और तमिल राष्ट्रवाद को अलग नहीं करेंगे।”उन्होंने कहा, “ये दोनों इस मिट्टी की दो आंखें हैं. हमें खुद को किसी खास पहचान तक सीमित नहीं रखना चाहिए।” उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की विचारधारा धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय की विचारधारा पर टिकी है और टीवीके इसी आधार पर काम करेगी। विजय ने कहा कि उनकी पार्टी पेरियार के दिखाए रास्ते पर चलेगी, जिसमें महिला सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय को लेकर विचार शामिल हैं। हालांकि उन्होंने पेरियार के नास्तिकता से जुड़े सिद्धांत को मानने से इनकार किया। इसके साथ ही विजय ने यह भी साफ किया कि टीवीके राज्य में दो भाषाओं को अपनाने की नीति पर काम करेगी। उन्होंने सरकारी काम काज के लिए तमिल और अंग्रेजी भाषा की पैरवी की। विजय ने कहा कि उनकी पार्टी जातिगत जनगणना का समर्थन करती है।
2026 के चुनावी रण में उतरेगी पार्टी
विजय ने बताया कि टीवीके 2026 में होने वाले विधानसभा चुनाव में हिस्सा लेगी. इसके साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इसके लिए उनकी पार्टी गठबंधन के लिए भी तैयार है। हालांकि विजय पहले ही ये एलान कर चुके थे कि उनकी पार्टी 2026 में तमिलनाडु में होने वाले विधानसभा चुनाव में उतरेगी।
दिलचस्प होगा तमिलनाडु का अगला चुनाव
विजय के इस एलान के बाद माना जा रहा है कि तमिलनाडु का अगला विधानसभा चुनाव दिलचस्प होगा. तमिलनाडु में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) का वर्चस्व रहा है। हालांकि अब भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) भी के. अन्नामलाई के नेतृत्व में राज्य में पांव जमाने की कोशिश की है। हालांकि इस साल हुए लोकसभा चुनाव में बीजेपी तमिलनाडु में एक भी सीट नहीं जीत सकी।
लेखक स्वतंत्र लेखक व पत्रकार है अत: ये उनके निजी विचार हैं। किसी विवाद के लिये वेबसाइट पोर्टल जिम्मेदार नहीं है।








